पाक में ड्रोन हमला, चार मरे

- Author, अज़ीज़ुल्लाह ख़ान
- पदनाम, बीबीसी उर्दू संवाददाता, पेशावर से
पाकिस्तान के क़बायली इलाक़े दक्षिण वज़ीरिस्तान में अमरीकी मानवरहित विमान के हमले में कम से कम चार लोग मारे गए हैं और कुछ लोग घायल भी हुए हैं.
स्थानीय प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी ने बीबीसी को बताया कि दक्षिण वज़ीरिस्तान के तालुक़ा बरमल के एक इलाक़े में अमरीकी ड्रोन विमानों ने चार मिसाइल फ़ायर किए.
उन्होंने बताया कि एक मिसाइल सड़क पर जा रहे वाहन को लगी जिस में सवार चार लोग मारे गए और मरने वालों की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है.
अधिकारियों के अनुसार बाक़ी तीन मिसाइल भी उसी इलाक़े में फ़ायर किए गए लेकिन अभी तक उस बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है क्योंकि ये काफ़ी दूरदराज़ का इलाक़ा है.
'तालिबान का गढ़'
जिस स्थान पर हमला किया गया है वह इलाक़ा अंगूरअड्डा के पास है जो चरमपंथियों का गढ़ माना जाता है लेकिन इस हमले में निशाना कौन बना ये पता नहीं चल सका है.
स्थानीय लोगों ने बीबीसी को बताया कि एक घर पर भी एक मिसाइल फ़ायर की गई है और मरने वालों में सभी स्थानीय लोग हैं लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है.
उन्होंने बताया कि दक्षिण वज़ीरिस्तान में सुबह से ही ड्रोन विमान गश्त कर रहे थे जिस से लोग काफ़ी घबरा गए.
ग़ौरतलब है कि 17 मार्च को हुए उस हमले के बाद यह पहली कार्रवाई है. वो हमला उत्तर वज़ीरिस्तान में किया गया था जिस में 40 से ज़्यादा लोग मारे गए थे.
यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब पाकिस्तान की ख़ुफिया एजेंसी आईएसआई के प्रमुख जनरल शुजा पाशा अमरीका की यात्रा पर हैं और उन्होंने सोमवार को अमरीकी ख़ुफिया एजेंसी सीआईए के प्रमुख से मुलाक़ात की थी.
अमरीकी समाचार पत्र न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार पाकिस्तान ने अमरीका से कहा है कि वो पाकिस्तान के क़बायली इलाक़ों में ड्रोन हमलों में कमी करे और उसे वज़ीरिस्तान तक ही सीमित रखे.
































