पेशावर: पुलिस स्टेशन पर आत्मघाती हमला

इमेज स्रोत, AFP
उत्तर पश्चिमी पाकिस्तान के शहर पेशावर में एक पुलिस स्टेशन पर हमला हुआ है. वहाँ हुए एक बड़े धमाके में दो पुलिसकर्मी मारे गए हैं और कम से कम 20 लोग घायल हुए हैं.
बुधवार तड़के एक सैन्य इलाक़े में स्थित पुलिस स्टेशन में हुए इस धमाके की टीवी पर दिखाई गई तस्वीरों में पता चला है कि पुलिस स्टेशन की बहुमंज़िला इमारत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है.
पुलिसकर्मियों और सैनिकों पूरे इलाक़े की घेराबंदी कर ली है.
समाचार एजेंसी एएफ़पी ने एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मोहम्मद इजाज़ के हवाले से बताया है, "एक आत्मघाती हमलावर ने बमों से लदी एक कार को पुलिस स्टेशन की इमारत में टकरा दिया जिसके बाद भीषण धमाका हुआ."
पुलिस स्टेशन की तीन मंज़िला इमारत इस धमाके में ध्वस्त हो गई.
राहतकर्मी और पुलिस अधिकारी मलबे में जीवित लोगों और शवों की खोज कर रहे हैं.
फ़िलहाल किसी भी संगठन ने इस हमले की ज़िम्मेदारी नहीं ली है लेकिन अल क़ायदा प्रमुख ओसामा बिन लादेन की अमरीकी कार्रवाई में मौत के बाद अल क़ायदा और पाकिस्तानी तालिबान ने देश में हमले करने की चेतावनी दे रखी है.
लगभग तीन हफ़्ते पहले ओसामा की मौत के बाद पाकिस्तान में तीन बड़े चरमपंथी हमले हुए हैं.
सोमवार को नौसैनिक अड्डे पर हुए हमले में सैनिकों ने कई घंटे तक 15 तालिबान हमलावरों का सामना किया था.
































