फिर क़ानूनी पचड़े में फ़ेसबुक
जर्मनी की दवा बनाने वाली कंपनी मर्क केजीएए ने सोशल नेटवर्किंग साइट फ़ेसबुक के ख़िलाफ़ क़ानूनी कार्रवाई शुरू की है.
मर्क केजीएए का कहना है कि फ़ेसबुक पर उसके वेबपेज का इस्तेमाल अमरीका की प्रतिद्वंद्वी कंपनी मर्क एंड को कर रही है.
जर्मन मर्क का कहना है कि फ़ेसबुक का पन्ना एक अहम मार्केटिंग माध्यम है और उसकी प्रतियोगी कंपनी इसका फ़ायदा उठा रही है.
कंपनी का कहना है कि मार्च 2010 में उसने www.facebook.com/merck के राइट्स के लिए फ़ेसबुक से समझौता किया था. फ़ेसबुक के प्रवक्ता का कहना है कि वो इस शिकायत की जाँच कर रहे हैं.




























