आईएईए निरीक्षकों को अपने यहाँ आने दे सकता है ईरान
ईरान ने ऐसा संकेत दिया है कि वो संयुक्त राष्ट्र के परमाणु निरीक्षकों को पारचिन सैन्य परिसर में जाने की अनुमति दे देगा.
अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी का कहना है कि वहाँ विस्फोटकों की जाँच से परमाणु बम बनाने के प्रयास का पता चल सकता है.
उधर एक अन्य घटनाक्रम में सुरक्षा परिषद के पाँच स्थायी सदस्यों और जर्मनी ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत को दोबारा शुरू करने के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है.
यूरोपीय संघ की विदेशी मामलों की प्रमुख कैथरीन ऐश्टन ने कहा है कि ईरान के परमाणु वार्ताकार सईद जलीली ने तीन सप्ताह पहले ये प्रस्ताव दिया था.
ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर वार्ता कोई साल भर से अधिक पहले रूक गई थी.




























