सभी मोबाइल के लिए एक चार्जर

- Author, उमर फ़ारूक़
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता, हैदराबाद
जल्द ही एक ऐसा चार्जर आने वाला है जो किसी भी कंपनी के बनाए हुए मोबाइल फ़ोन को चार्ज कर सकता है.
ये ‘स्टैंडर्ड चार्जर’ अंतरराष्ट्रीय टेलीकम्यूनिकेशन यूनियन यानि आईटीयू ने तैयार किया है और मोबाइल फ़ोन बनाने वाली तमाम बड़ी कंपनियों ने इसे स्वीकार कर लिया है.
आईटीयू के महासचिव हमदोन तोरे ने इस की घोषणा सोमवार को हैदराबाद में शुरू हुए विश्व टेलीकम्यूनिकेशन सम्मेलन के दौरान की.
तोरे ने बताया की ये चार्जर न केवल बिजली की बचत करेगा बल्कि वातावरण में जाने वाली कार्बन डायऑक्साइड गैस में भी ज़बरदस्त कटौती करेगा.
चार्जर के निर्माण में जुटने वाले आईटीयू के ‘टेलीकम्यूनिकेशन स्टैंडर्डाइजेशन ब्यूरो’ के निदेशक मैल्कम जॉनसन ने कहा की इस नए चार्जर से ग्रीन हाउस गैस के उत्सर्जन में 13 टन से ज्यादा की कमी होगी और 82 मिलियन टन मोबाइल चार्जर कचरे में जाने से बच जाएंगे.
आईटीयू के महासचिव हमदोन तोरे ने कहा की इस से जलवायु परिवर्तन की समस्या से निपटने में सहायता मिलेगी.
उन्होंने कहा की अब तक चार्जर्स नया मोबाइल खरीदने के बाद बेकार हो जाते थे लेकिन अब एक ही चार्जर हर फ़ोन के काम आ सकेगा.
मैल्कम जॉनसन ने कहा की सभी बड़ी मोबाइल कंपनियों ने इस चार्जर को अपनी मंज़ूरी दे दी है.
































