कपड़े जो तनाव कम करें

आधुनिक ज़िंदगी की दौड़-भाग में तनावग्रस्त होना आम बात हो गई है. लेकिन इस तनाव से निपटने के लिए अब विशेष ‘स्मार्ट कपड़े’ तैयार किए जा रहे हैं.
ये कपड़े व्यक्ति की भावनात्मक स्थिति पर नज़र रखते हैं जिसमें उसके दिल की धड़कन और तापमान आदि शामिल होता है.
दरअसल कपड़े वेब आधारित एक डाटाबेस से जुड़े होते हैं. व्यक्ति से संबंधित जानकारी इसी डाटाबेस को भेजी जाती है जहाँ इसका अध्ययन किया जाता है.
वेब आधारित ये डाटाबेस व्यक्ति ने पहले से ही तैयार किया होता है. कपड़ों और वेब का कनेक्शन एक स्मार्टफ़ोन के ज़रिए होता है.
तनावग्रस्त व्यक्ति को शांत करने के लिए या उसकी मदद करने के लिए डाटाबेस कपड़ों में लगे स्पीकरों, लीईडी या अन्य यंत्रों के ज़रिए व्यक्ति तक संदेश पहुंचाँता है- जैसे गाने और तस्वीरें या मित्रों के पहले से रिकॉर्ड किए हुए संदेश.
जब कपड़े पहनने वाला व्यक्ति किसी खास भावनात्मक स्थिति में होता है तो डाटाबेस कपड़ों तक तरह-तरह के संदेश भिजवाता है ताकि व्यक्ति के मूड को बदला जा सके.
ये कपड़े कनाडा में कॉनकॉरडिया यूनिवर्सिटी की बारब्रा लेन और गोल्डस्मिथ कॉलेज में डिजिटल स्टूडियोज़ की जैनिस ने तैयार किए हैं.




























