गटर में मिली हड्डियां

कनाडा में गटर साफ़ कर रहे मज़दूरों को डायनासोर की हड्डियां मिली है.
कनाडा के एडमंटन शहर के एक इलाक़े में मज़दूरों को एक दाँत और पैर की एक हड्डी मिली है. विशेषज्ञों का मानना है कि ये हड्डियां अल्बर्टोसॉरस और एडमोंटोसॉरस प्रजाति के डायनासोर की हैं.
रॉयल टायरेल म्यूज़ियम के अधिकारी इन जीवाश्मों की पहचान करने में शहर के अधिकारियों की मदद कर रहे हैं.
म्यूज़ियम के अधिकारी कहते हैं कि कनाडा के अल्बर्टा प्रांत में डायनासोर की हड्डियां पहले भी मिलती रही हैं.
म्यूज़ियम के मार्केटिंग कोआर्डिनेटर लेयाना मोहन कहते हैं, ‘‘मैं रविवार को घूमने निकलूं तो भी डायनासोर की एक हड्डी खोज लाऊं लेकिन मुद्दा यह है कि ये कितनी महत्वपूर्ण है.’’
संग्रहालय के कार्यकारी निदेशक एंडी न्यूमैन कहते हैं कि ये पहली बार है जब एडमंटन शहर में हड्डियां मिली हों.
न्यूमैन कहते हैं, ‘‘ कोई भी नई खोज हमारे पास उपलब्ध जानकारी को और बढ़ाती ही है. इस इलाक़े में डायनासोरों के बारे में हमारा ज्ञान इससे बढ़ेगा ही.’’
वो कहते हैं कि ये बहुत अच्छा है कि बड़ी संख्या में लोग खुदाई में लगे हैं और जो भी मिलता है उसकी जानकारी हमें दी जाती है.
न्यूमैन ने बताया कि गटर की दीवारों में अभी भी कई हड्डियां धंसी हैं और उन्हें निकाला जा रहा है.
































