रबड़ से बनी चहचहाहट

ज़ेब्रा फ़िंच
इमेज कैप्शन, ज़ेब्रा फ़िंच की आवाज़ पैदा करना बहुत मुश्किल माना जाता है

कुछ अमरीकी वैज्ञानिकों ने रबड़ का एक साधारण यंत्र बनाया है जो हूबहू चिड़ियों की चहचहाहट की तरह आवाज़ निकाल लेता है.

शोधकर्ता कहता है कि बस आपको इस यंत्र में हवा फूँकनी है और वो चिड़िया की आवाज़ निकालने लगेगा क्योंकि यह यंत्र चिड़िया की ध्वनि-नली की तरह काम करता है.

इस शोध का मक़सद इस अवधारणा को दूर करना है कि चिड़ियों को अपनी अनूठी आवाज़ निकालने के लिए कोई जटिल तंत्रिका तंत्र यानी न्यूरोलॉजिकल नियंत्रण विकसित करना पड़ा था.

शोधकर्ता अब अपने शोध के नतीजे जीव वैज्ञानिकों के साथ बांटेंगे.

सीधी सादी डिज़ाइन

हॉर्वर्ड विश्वविद्यालय की इस शोध परियोजना के एक शोधकर्ता आर्येष मुखर्जी का कहना है, ''जब हमने शुरुआत की थी तब मैने बिल्कुल नहीं सोचा था कि मैं चिड़ियों की पूरी आवाज़ पैदा कर पाऊंगा.. हम बस प्रयोग कर रहे थे और मैने इस यंत्र में कुछ ऐसा प्रयोग किया कि हूबहू चिड़िया की आवाज़ आने लगी. ये बड़ा ही रोमांचकारी था.''

उनका कहना है कि इस यंत्र का डिज़ाइन बहुत सीधा सादा है.

वे बताते हैं, ''इसमें दो रबड़ के टुकड़े हैं जिनको इस तरह से साथ-साथ जोड़ा गया है कि बीच का छोटा सा हिस्सा ध्वनि नली की तरह रह जाता है.''

हवा के स्रोत के अलावा इस उपकरण को एक मोटर से दबाया जाता है जो कि सिकुड़ती मांसपेशी की तरह काम करता है.

आर्येष मुखर्जी ने बीबीसी को बताया, ''अगर आप भौतिकी के नियम के हिसाब से देखें तो ये केवल स्प्रिंग वाली एक इलास्टिक झिल्ली के समान है. अगर आप इसमें सही खिंचाव पैदा करें और उसे एसे दबाएँ कि उसमें कंपन पैदा हो जाए. हमारा प्रयोग ये था कि कंपन की इन तरंगो को कैसे नियंत्रित करें.''

शोधकर्ता कई चिड़ियो की आवाज़े निकालने में सफल हुए हैं जिनमें बंगाली फ़िंच, विरियो आदि शामिल हैं. ज़ेब्रा फ़िंच नाम की चिड़िया की आवाज़ निकालने में भी शोधकर्ता लगभग सफल हो गए हैं. हालांकि इस चिड़िया की आवाज़ मुश्किल है और इसको ठीक से निकाल पाना टेढ़ी खीर साबित हो रहा है.

पर मुखर्जी का कहना है कि वो इसके काफ़ी क़रीब पहुंच गए हैं.

तंत्रिका तंत्र वैज्ञानिकों का लंबे समय से मानना है कि नवजात चिड़ियाँ बड़ी चिड़ियों से बोलना- गाना सीखती हैं और इसे सीखने के लिए उसे अपनी नसों में बदलाव लाना पड़ता है और तभी वो इतनी तरह की आवाज़ें निकाल पाती हैं.