लंबे कामकाज से हो सकता है हार्ट अटैक

अगर आप आठ घंटे की नौकरी की जगह दिन में 11 घंटे तक काम करते हैं तो आप को हृदय रोग का ख़तरा बढ़ जाता है. ये बात ब्रिटेन के वैज्ञानिक कहते हैं.
एनल्स ऑफ़ इंटरनल मेडिसिन में छपे एक लेख में कहा गया है कि लंबे समय तक काम करने वालों को हृदय रोग का ख़तरा 67 प्रतिशत बढ़ जाता है.
यूनिवर्स्टी कॉलेज लंदन की टीम ने 7,000 नौकरशाहों के स्वास्थ्य पर 1985 से नज़र रखी. उनका कहना है कि अब डॉक्टरों को अपने मरीज़ो से ये ज़रुर पूछना चाहिए कि वो कितने घंटे काम करते हैं.
इसके प्रमुख शोधकर्ता मीका किवीमाकी का कहना है, “डॉक्टर को बस ये भी पूछना चाहिए कि उनका मरीज़ कितने घंटे काम करता है. ये इतना आसान और उपयोगी है और हमारी शोध दिखाती है कि ये डॉक्टरों के काम काज का हिस्सा बन जाना चाहिए. ये नई जानकारी हृदय रोग के लिए दी जाने वाली दवाईयों के निर्णय को सुधारेगी और जिन लोगों को इस रोग के दूसरे लक्षण है और जो ज़्यादा घंटे काम करते है उनके लिए ये एक चेतावनी हो सकती है.”
काम से दिल के दौरे का संबंध
इस शोध के 11 साल में इसमें भाग लेने वाले 192 लोगों को हार्ट अटैक आया.और जो लोग हर दिन ग्यारह घंटे से ज़्यादा काम करते हैं उनके कम घंटे काम करने वालों की तुलना में हार्ट अटैक का ख़तरा दोगुना हो जाता है.
अगर किसी को उच्च रक्तपात हो या दिल की बीमारी के और कोई लक्षण तो उसमें लंबे काम काज के घंटे हृदय रोग बढ़ाने का काम करता है.
अगर डॉक्टर काम काज के बारे में रोगियों से पूछे तो शायद ब्रिटेन में जो 125,000 लोग हार्ट अटैक के शिकार होते हैं उनमें से 6000 से ज़्यादा की वो शिनाख्त कर पाएंगे. शोधकर्ता अब इस बात का अध्ययन करना चाहते हैं कि अगर लोग काम करने के अपने घंटे कम करे तो क्या उनके स्वास्थ्य में सुधार आता है.
मेडिकल रिसर्च काउंसिल के प्रोफेसर स्टीफन होलगेट, जिन्होंने इस शोध के लिए कुछ धन दिया था का कहना है, “ये शोध हमे पुरानी कहावत के बारे में फिर सोचने पर मजबूर करता है कि ज़्यादा काम आपको मार नहीं सकता. मेडिकल रिसर्च काउंसिल में हम जीवनशैली के स्वास्थ्य पर शोध करते हैं और ये शोध दिखाता है कि खाली खान पान और व्यायाम के बारे में सोचना काफ़ी नहीं होगा.”
पर अभी इस क्षेत्र में और शोध की ज़रुरत है और विशेषज्ञ कहते हैं कि कई और कारण भी हो सकते हैं जैसे उच्च रक्तचाप, तनाव, अवसाद, घबराहट या फिर आप गुस्सैल या जल्दी तंग आने वाला व्यक्तित्व रखते हैं.












