'गूगल के ख़िलाफ़ हो सकती है जांच'

गूगल

इमेज स्रोत, BBC World Service

इमेज कैप्शन, वॉल स्ट्रीट के मुताबिक एफटीसी कुछ दिनों में एक औपचारिक जांच करने का आदेश दे सकती है.

अमरीका की फेडरल ट्रेड कमीशन संस्था यानी एफ़टीसी गूगल को उसके सर्च इंजन के बेजा इस्तेमाल करने के मामले में अदालती जांच का आदेश देने की तैयारी कर रही है.

अमरीकी मीडिया में आ रही रिपोर्ट के अनुसार ये संस्था गूगल के साथ साथ अन्य कंपनियों के ख़िलाफ़ भी ऐसे ही आदेश देने की तैयारी कर रही है.

वॉल स्ट्रीट जर्नल के मुताबिक़ एफ़टीसी कुछ दिनों में एक औपचारिक जांच का आदेश दे सकती है.

एफ़टीसी फ़िलहाल इस बात का पता लगा रही है कि क्या गूगल अपने सर्च इंजन का इस्तेमाल चालाकी से कर रहा ताकि इंटरनेट का इस्तेमाल करने वाले सिर्फ़ उसी के साइट पर आए और उसकी सेवा का इस्तेमाल करे.

गूगल ने अभी तक इस पर कोई प्रतिक्रया नहीं दी है.

गूगल के प्रतिद्वंद्वियों का ये आरोप है कि अमरीका में गूगल हर तीन में से दो इंटरनेट सर्च करता है और अपने वर्चस्व का इस्तेमाल अन्य उत्पादक जैसे मैपिंग,शॉपिंग और ट्रेवल वेबसाइटस के प्रचार के लिए करता है.

न्यूयार्क टॉइम्स में छपी रिपोर्ट के अनुसार एफ़टीसी अब अदालती आदेश को जारी करने के लिए आगे बढ़ चुकी है.

फाइनेंशियएल टॉइम्स का कहना है कि केलिफ़ॉर्निया, न्यूयार्क और ओहायो के एटौरनी जनरल ने भी गूगल के ख़िलाफ़ जांच का समर्थन किया है.

यूरोपियन कमीशन इस मामले में इस बात की जांच कर रहा है कि क्या गूगल अपने वर्चस्व का बेज़ा इस्तेमाल कर प्रतिस्पर्धा का गला घोट रहा है.