सौर मंडल से बाहर पृथ्वी जैसा ग्रह

अमरीकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने हमारे सौर मंडल से बाहर ऐसा पहला ग्रह मिलने की घोषणा की है जहाँ जल द्रव या तरल रूप में हो सकता है.
इस ग्रह को केप्लर 22बी नाम दिया गया है. ये आकार में पृथ्वी से लगभग ढाई गुना बड़ा है और वहाँ का तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक हो सकता है.
ये अब तक पृथ्वी से सबसे ज़्यादा मिलता-जुलता ग्रह है.
मगर अभी तक ये नहीं पता चल सकता है कि केप्लर-22बी ठोस, द्रव या गैस में से किससे बना है.
ये जानकारी एक सम्मेलन के दौरान दी गई और वहाँ पर केप्लर की टीम ने बताया कि उन्हें ग्रह का दर्जा पाने वाले 1094 नए प्रत्याशी मिले हैं.
प्रणाली
केप्लर अंतरिक्ष टेलिस्कोप इतना संवेदनशील है कि जब भी कोई ग्रह अपने तारे के सामने से होकर गुज़रता है जिससे उस तारे की रोशनी में बेहद मामूली अंतर पड़ता है तो टेलिस्कोप उसे भी दर्ज कर लेता है.
केप्लर तारे की उस रोशनी के परिवर्तन की एक प्रत्याशी ग्रह के तौर पर पहचान करता है जिस पर फिर केप्लर की टीम नज़र रखती है.
केप्लर 22बी उन 54 प्रत्याशियों में से था जिनकी ख़बर केप्लर टीम ने फ़रवरी में दी थी तथा अन्य टेलिस्कोपों के ज़रिए भी सबसे पहले इसी की पुष्टि हुई.
पृथ्वी अपने सूरज से जितनी दूर है उसके मुक़ाबले केप्लर 22बी अपने सूरज से लगभग 15 फ़ीसदी नज़दीक़ है. इस तरह वहाँ एक साल 290 दिनों का होता है.
मगर उस सूरज में 25 प्रतिशत कम रोशनी है. इस वजह से उस केप्लर 22बी का तापमान भी बहुत ज़्यादा नहीं है और उम्मीद की जा रही है कि वहाँ पानी द्रव रूप में हो सकता है.
































