किडनी कैंसर की प्रमुख वजह है मोटापा

समय रहते पता चल जाए तो सर्जरी के जरिए किडनी कैंसर को ठीक किया जा सकता है

इमेज स्रोत, BBC World Service

इमेज कैप्शन, समय रहते पता चल जाए तो सर्जरी के जरिए किडनी कैंसर को ठीक किया जा सकता है

विशेषज्ञों का कहना है कि ब्रिटेन में किडनी कैंसर के बढ़ते मामले की एक प्रमुख वजह मोटापा है.

'कैंसर रिसर्च यूके' ने जो आंकड़े प्रकाशित किए हैं, उनमें बताया गया है कि साल 2009 में किडनी कैंसर के 9000 से ज्यादा मामले सामने आए, जबकि वर्ष 1975 में इनकी संख्या महज 2300 थी.

मोटापे की वजह से किडनी कैंसर का खतरा लगभग 70 प्रतिशत बढ़ जाता है. वहीं धूम्रपान के कारण किडनी कैंसर की आशंका 50 प्रतिशत बढ़ जाती है.

'कैंसर रिसर्च यूके' का कहना है कि बहुत कम लोग इस बात को समझ पाते हैं कि वजन ज्यादा होने से भी कैंसर का खतरा बढ़ जाता है.

मूत्र में रक्त

मूत्र में यदि रक्त आ रहा हो तो सावधान हो जाना चाहिए क्योंकि ये किडनी कैंसर का संकेत हो सकता है. वैसे समय रहते पता चल जाए तो सर्जरी के जरिए किडनी कैंसर को ठीक किया जा सकता है.

विशेषज्ञों का कहना है कि वजन बढ़ने ने न केवल किडनी कैंसर का खतरा बढ़ता है, बल्कि इससे स्तन और गर्भाशय का खतरा भी बढ़ जाता है.

इसकी वजह ये है कि मोटापे के कारण इंसान के शरीर में कुछ खास तरह के हारमोंस का स्राव बढ़ जाता है.

ब्रिटेन में बीते 35 वर्षों में धूम्रपान करने वालों की संख्या कम हुई है, लेकिन मोटापे की समस्या बढ़ रही है. यहां लगभग 70 प्रतिशत पुरुष और लगभग 60 प्रतिशत महिलाएं मोटापे का शिकार हैं.