You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
तिरंगे वाला डोरमैट, अमेज़न पर भड़कीं सुषमा
ऑनलाइन सामान बेचने वाली बहुराष्ट्रीय कंपनी अमेज़न पर तिरंगे वाले डोरमैट की बिक्री को लेकर एक ट्विटर यूज़र अतुल भोबे ने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से शिकायत की थी.
उन्होंने कहा कि अमेज़न कनाडा भारतीय राष्ट्रध्वज वाला डोरमैट बेच रहा है. इसे संज्ञान में लेते हुए सुषमा स्वराज ने अमेज़न को कड़ी चेतावनी दी है.
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने अतुल के ट्वीट का उल्लेख करते हुए कनाडा में भारतीय दूतावास से कहा कि इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
सुषमा ने दूतावास से कहा कि वह अमेज़न से हाई लेवल पर बात करे. उन्होंने कहा कि उन्होंने इस बारे में भारतीय दूतावास को बता दिया है.
सुषमा ने अपने अगले ट्वीट में कहा, ''अमेज़न बिना शर्त माफी मांगो. हमारे राष्ट्रध्वज को अपमानित करने वाले सारे उत्पादों को तत्काल वापस लो. यदि ऐसा नहीं किया जाता है तो हम अमेज़न के किसी भी अधिकारी को भारतीय वीज़ा नहीं देंगे. जो वीज़ा पहले जारी किया जा चुका है उसे भी रद्द कर दिया जाएगा.''
ट्विटर पर कई भारतीय यूज़र्स ने अमेज़न की कड़ी आलोचना की है. दूसरी तरफ लोगों ने सुषमा स्वराज की जमकर तारीफ की है.
सुधाकर राव ने सुषमा के ट्वीट की प्रतिक्रिया में कहा, ''इसीलिए हमलोग सुषमा जी से प्यार करते हैं. इसी स्तर पर हस्तक्षेप होना चाहिए.''
कई ट्विटर यूज़र्स ने सुषमा स्वराज को शुक्रिया कहते हुए उनकी प्रशंसा की है. लोगों ने इसे सुषमा का साहसिक फैसला बताया है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)