You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
सीएम योगी को लेकर लालू और सुशील कुमार मोदी के बीच टि्वटर पर जंग
उत्तर प्रदेश में शानदार जीत हो या फिर योगी आदित्यनाथ का शपथ ग्रहण समारोह, भाजपा के नेताओं की खुशी का ठिकाना नहीं है.
लेकिन बिहार में एक भाजपा नेता हैं जो चुनावी नतीजों और योगी की ताजपोशी के वक़्त खुशी का इज़हार करते वक़्त अपने सियासी विरोधी पर तंज़ कसते हैं और फिर सामने से भी जवाब आता है.
हम बात कर रहे हैं बिहार भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी की जो गाहे-बगाहे लालू पर निशाना साधते रहे हैं और आरजेडी के बॉस भी जवाब देने में पीछे नहीं रहते.
दोनों नेताओं के बीच ये जंग टि्वटर पर लड़ी जा रही है और एक-दूसरे पर हमला बोलने की हर कोशिश हो रही है.
11 मार्च को चुनावी नतीजे आए थे तो सुशील कुमार मोदी ने लालू को टैग करते हुए ट्वीट किया, ''क्या हाल हैं?''
इसके जवाब में लालू ने लिखा, ''ठीक बा. देखा ना, बीजेपी ने तुम्हें यूपी में नहीं घुसने दिया तो फ़ायदा हुआ.''
बात आई-गई हो गई. लेकिन शनिवार को योगी आदित्यनाथ के भाजपा विधायक दल के नेता चुने जाने और अगला मुख्यमंत्री बनने पर मुहर लगने के बाद मोदी ने एक बार फिर चटखारा लिया.
एक बार फिर लालू को टैग करते हुए सुशील कुमार मोदी ने लिखा, ''योगी के (मुख्यमंत्री) बनने से लालू इतने सदमे में हैं कि क्या गाली दें समझ नहीं आ रहा है.''
लालू ने जवाबी हमला बोलने में ज़रा देर नहीं लगाई.
उन्होंने ट्वीट किया, ''तुम भी कान छिदवा लो, सिर छिलवा लो, भेष बदल लो, शायद तुम्हारा कुछ भला हो जाए. ज़्यादा दुखी मत होना, ई लोग तुम्हें शपथ ग्रहण में भी नहीं बुलाया.''
सुशील मोदी ने इसका कोई सीधा जवाब लालू को नहीं दिया लेकिन ट्वीट किया, ''योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेते देखने के लिए मैं पंडाल में बैठा हूं.''
इसके बाद उन्होंने मंच और पंडाल में खु़द की मौजूदगी वाली तस्वीरें भी पोस्ट कीं. साथ ही लिखा, ''उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के शपथ ग्रहण समारोह में...''