सोशल: अन्ना के ख़िलाफ़ ट्वीट, मनीष सिसोदिया ने कहा अकाउंट हैक

इमेज स्रोत, Getty Images
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने अपने ट्विटर अकाउंट से अन्ना हज़ारे के ख़िलाफ़ किए ट्वीट को रिट्वीट किए जाने को हैकिंग बताया है.
उन्होंने दावा किया है कि उनका ट्विटर अकाउंट हैक हो गया था.
पंजाब और गोवा विधानसभा चुनाव के बाद दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद आम आदमी पार्टी मुश्किल दौर से गुज़र रही है.
पार्टी ने पहले हार का ठीकरा ईवीएम पर फोड़ा फिर बाद में अरविंद केजरीवाल ने ट्विटर पर बयान जारी कर मान लिया कि उनसे ग़लती हो गई और वे भूल सुधार करेंगे.

इमेज स्रोत, Twitter
एमसीडी चुनाव नतीजों के बाद अन्ना हजारे ने कहा था कि उन्हें अरविंद केजरीवाल से बहुत उम्मीदें थीं, लेकिन वो उन पर खरे नहीं उतरे.
अन्ना ने यह भी कहा था कि आम आदमी पार्टी ने विश्वसनीयता खो दी है और वह सत्ता के लिए भूखी है. इसके बाद मनीष सिसोदिया ने एक ऐसे ट्वीट को रिट्वीट किया जिसमें अन्ना हजारे को फ्रॉड कहा गया था.

इमेज स्रोत, Twitter
प्रियास्मिता गुहा नाम की एक ट्विटर यूजर ने ट्वीट किया था,''ये बातें वो कह रहा है जिसने देश को लोकपाल बिल का झांसा दिया और अब सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बाद भी चुप्पी साध ली है.''
मनीष सिसोदिया ने इस ट्वीट को रिट्वीट किया था. कुछ ही वक्त बाद यह ट्वीट् हटा लिया गया था.
अगले दिन सिसोदिया ने दूसरा ट्वीट करके कहा कि उनका ट्विटर अकाउंट हैक हो गया था.
उन्होंने लिखा,''मेरा अकाउंट हैक हो गया था. किसी ने मेरे अकाउंट से अन्ना हज़ारे के खिलाफ किए गए ट्वीट को रिट्वीट किया था. मैं उन्हें डिलीट करने की कोशिश कर रहा हूं, वे डिलीट भी नहीं हो रहे हैं. कृपया इनका भरोसा न करें. मेरे मन में अन्ना जी के लिए बहुत सम्मान है, मैं उनके बारे में ऐसी बातें कभी नहीं कह सकता.''
हालांकि ज्यादातर ट्विटर यूजर्स को सिसोदिया के दावे पर भरोसा नहीं हुआ. एक यूजर ने लिखा,''आपको लगता है कि हम भारतीय बेवकूफ हैं और आपकी बात मान लेंगे?''
शरद ने लिखा,''आपके दिल की बात ट्वीट पर आ गई, अब क्यों माफ़ी मांग रहे हैं?''

इमेज स्रोत, Twitter

इमेज स्रोत, Twitter
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पार्टी नेता कुमार विश्वास ने भी सिसोदिया के इस ट्वीट को रिट्वीट किया.

इमेज स्रोत, Twitter
कुमार विश्वास ने लिखा,''मनीष सिसोदिया का अकाउंट हैक करने की शर्मनाक कोशिश. हम सबके मन में अन्ना जी के लिए बहुत इज्जत है. अन्ना जी की चाहे जो राय हो, वह हमारे लिए स्वीकार्य है.''
कुमार विश्वास ने एक और तस्वीर शेयर की जिसमें वो, अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया साथ नजर आ रहे हैं. उन्होंने तस्वीर के साथ लिखा,''बने चाहे दुश्मन जमाना हमारा, सलामत रहे दोस्ताना हमारा.''

इमेज स्रोत, Twitter
ग़ौरतलब है कि एमसीडी चुनाव के नतीजों के बाद पार्टी के अंदर मतभेद होने की ख़बरें आई थीं.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमेंफ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)












