पाकिस्तान में धमाका, नौ की मौत

पुलिस का कहना है कि लाहौर के एक गाँव में हुए धमाके में कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई है और 50 से अधिक लोग घायल हो गए हैं.
अधिकारियों का कहना है कि ये धमाका एक मदरसे में हुआ.
लाहौर ज़िले के मियाँ चन्नू गाँव में हुआ ये धमाका इतना शक्तिशाली था कि इसकी वजह से 25 से अधिक घर तबाह हो गए.
अस्पताल के एक कर्मचारी नईम सादिक़ ने समाचार एजेंसी एपी से कहा कि मारे गए नौ लोगों में सात बच्चे शामिल हैं.
ज़िले के पुलिस अधिकारी कामरान ख़ान ने बीबीसी को बताया कि ये धमाका एक मौलवी के घर हुआ जहाँ बच्चे तालीम हासिल कर रहे थे.
कामरान ख़ान का कहना है,'' धमाका दूर तक सुना गया, साथ ही इसकी वजह से जितना नुक़सान हुआ है, उससे लगता है कि वहाँ बड़ी मात्रा में विस्फोटक रखे हुए थे.''
उनका कहना था,'' गाँव वालों ने आसमान में आग की लपटें उठती देखीं और धरती ऐसी हिली जैसे भूकंप आ गया हो.''
पुलिस का मानना है कि घर में विस्फोटक रखे हो सकते हैं.
बीबीसी के इस्लामाबाद स्थित संवाददाता का कहना है कि ऐसी ख़बरें हैं कि हाल के दिनों में विभिन्न स्थानों पर तालेबान का असर फैला है.
पिछले कुछ समय से पाकिस्तान के पंजाब प्रांत का लौहार शहर निशाने पर रहा है. यहीं श्रीलंका की क्रिकेट टीम पर हमला हुआ था.
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तानी सेना स्वात और दक्षिण वज़ीरिस्तान में तालेबान लड़ाकों के ख़िलाफ़ अभियान चलाए हुए है.
































