You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
फ़ुटबॉल विश्व कप में 32 नहीं 48 टीमें खेलेंगी
फ़ीफ़ा ने फ़ैसला लिया है कि फ़ुटबॉल विश्व कप में अब 32 की बजाए 48 टीमें हिस्सा लेंगी.
ये बदलाव 2026 फुटबॉल विश्व कप में लागू किए जाएंगे.
नॉक आउट स्टेज में तीन-तीन टीमों का 16 ग्रुप बनेगा और अगले चरण में 32 टीमें जाएंगी.
वैश्विक स्तर पर फुटबॉल का प्रशासन करनेवाली संस्था फीफ़ा ने मंगलवार को ज्यूरिख में हुई एक बैठक में सर्वसम्मति से इस बदलाव पर मुहर लगा दी.
इस बदलाव के बाद टूर्नामेंट में मैचों की संख्या मौजूदा 64 से बढ़कर 80 हो जाएगी. हालांकि विजेता टीम को नई व्यवस्था में भी सात मैच ही खेलना होगा.
48 टीमों के साथ विश्व कप प्रतियोगिता 32 दिनों में पूरी की जाएगी. यूरोप के शक्तिशाली फुटबॉल क्लब व्यस्त अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों की वजह से इस बदलाव का विरोध कर रहे थे. 32 दिन में प्रतियोगिता खत्म करने का प्रावधान कर इन क्लबों को संतुष्ट करने की कोशिश की गई है.
1998 के बाद ये पहली बार है जब विश्व कप में भाग लेनेवाली टीमों की संख्या बढ़ाई जा रही है.
इस कदम के पीछे फ़ीफ़ा अध्यक्ष जानी इंफ़ैंटिनो का हाथ बताया जा रहा है जो चाहते हैं कि विश्व कप को और ज्यादा समावेशी होना चाहिए.
इस फ़ैसले के बाद हुई एक प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा, "हम 21वीं सदी में हैं और हमें 21वीं सदी के विश्वकप को नया आकार देना है. भविष्य इसी में है. फुटबॉल का मतलब केवल यूरोप या दक्षिण अमरीका नहीं बल्कि ये वैश्विक खेल है."
इस विस्तार के कारोबारी पक्ष के बारे में फ़ीफ़ा प्रमुख ने कहा, "जिस देश की टीम विश्व कप के लिए क्वालिफाई करेगी, वहां फुटबॉल को लेकर भारी उत्साह होगा और फुटबॉल के प्रमोशन के लिए इससे बड़ा तरीका और क्या हो सकता है."
फ़ीफ़ा के एक शोध के मुताबिक 48 टीमों वाले टूर्नामेंट में एक अनुमान के मुताबिक 5.29 अरब पाउंड के राजस्व और क़रीब साढ़े पांच करोड़ पाउंड के मुनाफ़े का अनुमान है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)