मैराथन का एक रिकॉर्ड ऐसा भी!

इमेज स्रोत, AP
बेल्जियम के धावक ने नया विश्व रिकॉर्ड बनाया है. उन्होंने लगातार 365 दिन मैराथन दौड़ पूरी की.
स्टीफ़न एंजेल्स ने एक साल पहले बेल्जियम में इसकी शुरुआत की थी.
उसके बाद वो लगातार पूरे एक साल तक मैराथन दौड़े. इस दौरान उन्होंने सात देशों की यात्रा भी की लेकिन मैराथन नहीं छोड़ी.
49 वर्षीय एंजेल्स बचपन में दमे की बीमारी से पीड़ित थे और डॉक्टरों ने उन्हें खेलों से दूर रहने की सलाह दी थी.
उनका कहना है, ''पंद्रह हज़ार किलोमीटर दौड़ने का प्रयोग कष्टदायक नहीं था, ये नियमित कार्य जैसा ही था.''
इसके पहले जापान के अकनोरी कुसुदा ने 65 वर्ष की उम्र में लगातार 52 बार मैराथन दौड़ पूरी कर रिकॉर्ड बनाया था.
42 किलोमीटर की ये लंबी दौड़ ख़ासी मुश्किल मानी जाती है.
उल्लेखनीय है कि हाल में ग्रीस के एथेंस में मैराथन दौड़ की ढाई हज़ारवीं वर्षगांठ मनाई गई थी.
490 वर्ष ईसापूर्व एथेंस की सेना ने मैराथन की लड़ाई में फ़ारस की सेना को पराजित किया था.
किंवदंती है कि फ़ीडिपिडिस नाम का एक संदेशवाहक 42 किलोमीटर दौड़कर विजय का संदेश लेकर एथेंस पहुंचा था.
कहा जाता है कि फ़ीडिपिडिस इतना थक गया था और प्यासा था कि संदेश देने के बाद वहीं ढेर हो गया था.
































