ऑस्ट्रेलिया-श्रीलंका मैच रद्द हुआ

श्रीलंका

इमेज स्रोत, Reuters (audio)

विश्व कप में मौजूदा विश्व चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के बीच बहुचर्चित मैच बारिश की भेंट चढ़ गया है. लगातार हो रही बारिश के कारण अंपायरों ने यह फ़ैसला किया कि अब ये मैच नहीं हो सकता है.

अब ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका को इस मैच से एक-एक अंक मिलेंगे.

इस मैच पर सभी क्रिकेट प्रेमियों की निगाह थी. जब बारिश के कारण मैच रोका गया, उस समय 32.5 ओवर में श्रीलंका का स्कोर था तीन विकेट पर 146 रन.

कप्तान कुमार संगकारा 73 और थिलन समरवीरा 34 रन बनाकर नाबाद थे. श्रीलंका ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया.

झटका

लेकिन उसे समय तगड़ा झटका लगा जब उसके दो विकेट सिर्फ़ 31 रन पर ही गिर गए. उस समय तक दोनों सलामी बल्लेबाज़ पवेलियन लौट चुके थे.

संगकारा

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, संगकारा अच्छी पारी खेल रहे हैं

उपुल थरंगा को छह रन के निजी स्कोर पर ब्रेट ली ने आउट किया तो तिलकरत्ने दिलशान चार रन बनाकर शॉन टेट की गेंद पर आउट हुए.

लेकिन उसके बाद कुमार संगकारा और महेला जयवर्धने ने पारी संभालने की कोशिश की. जयवर्धने दुर्भाग्यशाली रहे और 23 रनों के निजी स्कोर पर रन आउट हो गए.

उसके बाद से संगकारा और समरवीरा मोर्चे पर जमे हुए थे. इस मैच में श्रीलंका ने तीन स्पिनरों को टीम में शामिल किया था.

पिछले विश्व कप के फ़ाइनल में भी ये दोनों टीमें आमने-सामने थी और जीत हासिल की थी ऑस्ट्रेलिया ने.