क्वार्टर फ़ाइनल में होगी असली परीक्षा

इमेज स्रोत, Reuters
- Author, पंकज प्रियदर्शी
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता, दिल्ली
वेस्टइंडीज़ पर भारत की जीत के साथ ही विश्व कप के क्वार्टर फ़ाइनल मैच तय हो गए हैं.
ग्रुप ए में पाकिस्तान की टीम शीर्ष पर रही, जबकि श्रीलंका की टीम दूसरे और ऑस्ट्रेलिया की टीम तीसरे नंबर पर रही. न्यूज़ीलैंड की टीम चौथे स्थान पर रही. इस ग्रुप से कीनिया, ज़िम्बाब्वे और कनाडा की टीम प्रतियोगिता से बाहर हो गईं.
ग्रुप बी में दक्षिण अफ़्रीका की टीम शीर्ष पर रही, भारत की टीम दूसरे, इंग्लैंड की टीम तीसरे और वेस्टइंडीज़ की टीम चौथे स्थान पर रही.
इस ग्रुप से बांग्लादेश, आयरलैंड और नीदरलैंड्स की टीम प्रतियोगिता से बाहर हो गईं.
***************************************************************************
क्वार्टर फ़ाइनल लाइन-अप पर एक नज़र
1. पाकिस्तान और वेस्टइंडीज़ 2. ऑस्ट्रेलिया और भारत 3. न्यूज़ीलैंड और दक्षिण अफ़्रीका 4. श्रीलंका और इंग्लैंड
आइए नज़र डालते हैं इन मुक़ाबलों पर
***************************************************************************
1. पाकिस्तान और वेस्टइंडीज़- 23 मार्च (ढाका)

इमेज स्रोत, AFP
पाकिस्तान की टीम अपने ग्रुप में शीर्ष पर रही, जबकि वेस्टइंडीज़ की टीम अपने ग्रुप में चौथे नंबर पर. पाकिस्तान ने ग्रुप मुक़ाबलों में एक ही मैच गँवाया और वो था न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़. अपने आख़िरी ग्रुप मैच में चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया को परास्त करके पाकिस्तान ने अपने इरादे जता दिए हैं. पाकिस्तान की गेंदबाज़ी ज़बरदस्त है, लेकिन बल्लेबाज़ी में मुश्किल है और उसे कभी भी अच्छी शुरुआत नहीं मिली. अगर पाकिस्तान की टीम अपनी सलामी जोड़ी से अच्छे रन बनवा सके, तो उसके लिए ये बहुत अच्छी बात होगी.
दूसरी ओर वेस्टइंडीज़ की परेशानी उसकी टीम में बल्लेबाज़ी की परेशानी है. पहले दक्षिण अफ़्रीका और फिर भारत के ख़िलाफ़ मैच में जिस तरह वेस्टइंडीज़ की टीम हारी है, उससे उसकी मुश्किल और बढ़ी है. वेस्टइंडीज़ की टीम किसी बड़ी टीम के ख़िलाफ़ नहीं जीत पाई, तो इस मैच में पाकिस्तान का पलड़ा भारी नज़र आता है.
***************************************************************************
2. भारत और ऑस्ट्रेलिया- 24 मार्च (अहमदाबाद)

इमेज स्रोत, Reuters
भारत की टीम वेस्टइंडीज़ पर जीत के साथ क्वार्टर फ़ाइनल में पहुँची है, लेकिन उसका मुक़ाबला विश्व चैम्पियन ऑस्ट्रेलिया से है, जो अपना आख़िरी मैच पाकिस्तान से हार गई थी. ऑस्ट्रेलिया का प्रदर्शन इस विश्व कप में कोई बहुत अच्छा नहीं रहा. बल्लेबाज़ी के साथ-साथ गेंदबाज़ी में भी टीम प्रदर्शन के श्रेष्ठ दौर में नहीं है.
दूसरी ओर भारत की टीम जीत के साथ क्वार्टर फ़ाइनल में पहुँची है और उसे घरेलू दर्शकों के बीच मैच खेलने का मौक़ा मिलेगा. भारत की टीम की भी अपनी मुश्किल है. गेंदबाज़ी और बल्लेबाज़ी के मोर्चे पर कई सवाल उसे परेशान कर रहे हैं. ख़ासकर आख़िरी ओवरों में बल्लेबाज़ों का ख़राब प्रदर्शन परेशानी का सबब बना हुआ है. लेकिन भारत को ये समझना होगा कि ये नॉक आउट मैच है, यहाँ हारे तो फिर विश्व कप से बाहर.
***************************************************************************
3. न्यूज़ीलैंड और दक्षिण अफ़्रीका- 25 मार्च (ढाका)

इमेज स्रोत, Getty
दक्षिण अफ़्रीका की टीम अपने ग्रुप में टॉप पर रही है और उसका प्रदर्शन भी टॉप का रहा है. दक्षिण अफ़्रीका की टीम ग्रुप मुक़ाबले में सिर्फ़ एक मैच हारी और वो था इंग्लैंड के ख़िलाफ़ एक क़रीबी मुक़ाबला. दक्षिण अफ़्रीका की टीम इस समय ज़बरदस्त फ़ॉर्म में है और सारे समीकरण उसके पक्ष में नज़र आते हैं.
दूसरी ओर न्यूज़ीलैंड की टीम ने जिस तरह पाकिस्तान को हराया था, वैसा प्रदर्शन वो दोहरा नहीं सकी. कप्तान वेटोरी कई मैच नहीं खेल पाए हैं और उनकी समस्या भी बल्लेबाज़ी नज़र आ रही है. वैसे न्यूज़ीलैंड की टीम पासा पलटने में माहिर है. तो हो सकता है कि क्रिकेट प्रेमियों को एक रोमांचक मैच देखने को मिले.
***************************************************************************
4. श्रीलंका और इंग्लैंड- 26 मार्च (कोलंबो)

इमेज स्रोत, Getty
क्वार्टर फ़ाइनल का ये मुक़ाबला ऐसा है, जिसके बेहद रोमांचक होने की उम्मीद जताई जा रही है. वैसे तो इंग्लैंड की टीम पर एक बार विश्व कप से बाहर होने का ख़तरा मँडरा रहा था, लेकिन ऐन वक़्त पर टीम ने वेस्टइंडीज़ को हराकर क्वार्टर फ़ाइनल में जगह बनाई. वैसे इंग्लैंड की टीम ग्रुप मुक़ाबले में बांग्लादेश और आयरलैंड से हार गई थी, लेकिन उसने दक्षिण अफ़्रीका को हराया और भारत से टाई खेला. इंग्लैंड की टीम इस विश्व कप में ऐसी टीम बनकर आई है, जो अपने प्रदर्शन से कभी भी कुछ कर सकती है.
दूसरी ओर श्रीलंका की टीम पाकिस्तान से तो हारी, लेकिन बाक़ी मैचों में उसका प्रदर्शन बहुत अच्छा रहा. श्रीलंका की टीम अपनी ज़मीन पर मैच खेलेगी, जो उसके लिए काफ़ी फ़ायदेमंद होगा. विश्व कप की ख़िताब की प्रबल दावेदार श्रीलंका की टीम बल्लेबाज़ी में भी संतुलित हैं और गेंदबाज़ी में भी. गणित उसके पक्ष में हैं, लेकिन इंग्लैंड किसी को भी हैरान कर सकता है.
































