पाकिस्तान: भारत का राष्ट्रगान गाने वाले चार छात्रों को यूनिवर्सिटी से निकाला गया

बाचा ख़ान यूनिवर्सिटी

इमेज स्रोत, Getty Images

    • Author, बिलाल अहमद
    • पदनाम, बीबीसी उर्दू, पेशावर
  • पढ़ने का समय: 3 मिनट

'मेरे पिता को अभी तक यह नहीं पता कि मुझे यूनिवर्सिटी से निकाल दिया गया है. यह बात सिर्फ मेरी अम्मी जानती हैं. मैंने घर आकर उनसे बस इतना कहा कि इस बार रमज़ान घर पर ही मनाऊंगा.'

पाकिस्तान के खैबर पख़्तूनख़्वा के ज़िले लोअर दीर से ताल्लुक रखने वाले मुराद ख़ान उन चार छात्रों में शामिल हैं, जिन्हें एक वीडियो वायरल होने के बाद 13 फ़रवरी को बाचा ख़ान यूनिवर्सिटी से निकाल दिया गया था.

इस वीडियो में एक छात्र को भारत का राष्ट्रगान गाते हुए और कुछ अन्य छात्रों को उनका साथ देते हुए देखा जा सकता है.

बीबीसी ने इस मामले पर बाचा ख़ान यूनिवर्सिटी की प्रशासनिक टीम का पक्ष जानने के लिए कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन ख़बर प्रकाशित होने तक उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला था.

वीडियो में क्या है?

यह वीडियो 11 फ़रवरी को बाचा ख़ान यूनिवर्सिटी में शाम चार बजे के बाद बनाया गया था, जब कैंपस में यूथ फ़ेस्टिवल के पहले दिन का समापन हुआ था.

सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो में फ़ार्मेसी के छात्र जिब्रान रियाज़ को भारत का राष्ट्रगान गाते हुए सुना जा सकता है, जबकि उनके साथ खड़े कुछ अन्य छात्र भी उनका साथ दे रहे हैं.

वीडियो के वायरल होने के बाद 13 फ़रवरी को बाचा ख़ान यूनिवर्सिटी में अनुशासन समिति (डिसिप्लिनरी कमेटी) की बैठक हुई.

इसके बाद जारी नोटिफिकेशन में चार छात्रों को बर्खास्त करने का फ़ैसला किया गया.

जिब्रान रियाज़

इमेज स्रोत, Jibran Riaz/Social Media

इमेज कैप्शन, जिब्रान रियाज़ एक वीडियो में माफ़ी मांगते नज़र आए.

नोटिफिकेशन के अनुसार, 'जिब्रान रियाज़, सैयद कातिब शाह, बशीर ख़ान और मुराद ख़ान ने अशांति फैलाने और राष्ट्रीय एकता को नुकसान पहुंचाने की नीयत से भारत का राष्ट्रगान गाया. उन्होंने इस घटना को रिकॉर्ड किया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी साझा किया.'

इस नोटिफिकेशन में इन चारों को हॉस्टल के कमरे खाली करने का भी आदेश दिया गया था.

छात्र की माफ़ी और सफ़ाई का मौक़ा न दिए जाने की शिकायत

छोड़कर पॉडकास्ट आगे बढ़ें
कहानी ज़िंदगी की

मशहूर हस्तियों की कहानी पूरी तसल्ली और इत्मीनान से इरफ़ान के साथ.

एपिसोड

समाप्त

वीडियो वायरल होने के बाद छात्र जिब्रान रियाज़ ने एक और वीडियो बनाया, जिसमें वह अपने कृत्य पर माफ़ी मांगते नज़र आए.

उनका कहना था, "यूथ फ़ेस्टिवल में सभी छात्र जमा थे. जिस तरह हम मज़ाक में भारत के गाने गाते या सुनते हैं, मैंने भी उसी तरह राष्ट्रगान गाया. फिर मेरे एक दोस्त ने मुझे बताया कि आपका वीडियो वायरल हो गया है."

उन्होंने आगे कहा कि यह एक मज़ाक था.

वो बोले, "पाकिस्तान हमारा अपना देश है, हम उसके ख़िलाफ़ सोच भी नहीं सकते और भारत हमारा दुश्मन है."

दूसरी ओर, यूनिवर्सिटी से निकाले गए एक अन्य छात्र मुराद ख़ान का कहना है, 'घटना के बाद हमें बुलाया गया और बस इतना कहा गया कि आप लोग एक वीडियो में दिखाई दिए हैं.'

उनका दावा है कि उन्हें सफ़ाई देने का मौक़ा भी नहीं दिया गया और उन्हें निकाले जाने की जानकारी नोटिफिकेशन के ज़रिए मिली.

उन्होंने कहा, "हमें सफ़ाई का मौक़ा भी नहीं दिया गया, हमारा करियर ख़त्म कर दिया गया. हमने तो पहले ही अगले सेमेस्टर और हॉस्टल की फीस एडवांस में जमा करवा दी थी."

मुराद ख़ान ने आगे कहा, "मुझे अंदाज़ा भी नहीं था कि इस तरह की हरकत की इतनी बड़ी सज़ा होगी. जब राष्ट्रगान ख़त्म हुआ तो मैंने बस जय हिंद के नारे का जवाब दिया था."

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.