ग्वांगचेंग भागने के बाद 'अमरीकी संरक्षण' में

इमेज स्रोत, BBC World Service
मानवाधिकारों से जुड़ी एक संस्था ने कहा है कि चीन में सरकार विरोधी चेन ग्वांगचेंग ने नजरबंदी के बीच अपने घर से भागने के बाद बीजिंग में 'अमरीकी संरक्षण' में हैं.
चाइना एड नाम की संस्था ने ये भी कहा है कि उन्हें लेकर अमरीका और चीन के बीच उच्च स्तर पर बातचीत चल रही है. इससे पहले ग्वांगचेंग के साथी हू जिआ ने कहा था कि चेन अमरीकी दूतावास में हैं. किसी भी देश ने अभी टिप्पणी नहीं की है.
40 वर्षीय चेन ग्वांगचेंग दृष्टिहीन हैं. नजरबंदी से भाग निकलने में सफल होने के बाद उन्होंने एक वीडियो टेप जारी किया है जिसमें प्रधानमंत्री वेन जियाबाओ को संबोधित किया गया है.
इस वीडियो टेप में उन्होंने तीन मांगें रखी हैं. इसमें से एक माँग यह है कि प्रधानमंत्री वेन जियाबाओ जाँच करवाएँ कि उनके परिजनों को किस तरह क्रूरता पूर्वक मारा-पीटा जाता है.
अमरीका से चलने वाले चाइना एड ग्रुप ने एक बयान में कहा है, हमें ग्वांगचेंग के नजदीकी सूत्र से पता चला है कि वे बीजिंग में अमरीकी संरक्षण में है.




























