अमरीका चेन को वीजा देने को तैयार: बाइडन

इमेज स्रोत, Getty
अमरीका के उप-राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा है कि चीन के मानवाधिकार कार्यकर्ता चेन ग्वांगचेंग के आवेदन करते ही अमरीका उन्हें वीजा दे देगा.
रविवार को एक टेलीविजन साक्षात्कार में बाइडन ने कहा कि अमरीकी अधिकारियों को उम्मीद है कि चीन उनकी अमरीका में पढ़ाई करने देने की प्रतिबद्धता को पूरा करेगा.
चेन ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि चीन उन्हें और उनके परिवार को अमरीका जाने की अनुमति देगा लेकिन वो नहीं जानते कि यह कब होगा.
न्यूयार्क यूनिवर्सिटी ने चेन ग्वांगचेंग को फेलोशिप की पेशकश की है.
समाचार एजेंसी रॉयटर्स से फोन पर बात करते हुए उन्होंने कहा, ''मैं अधिक चल-फिर नहीं पाता लेकिन मैं बेहतर अनुभव कर रहा हूँ.''
पिछले सप्ताह अमरीकी दूतावास छोड़ने के बाद से ही दृष्टिहीन कार्यकर्ता चेन ग्वांगचेंग को इलाज के लिए अस्पताल रखा गया है.
उन्होंने कहा, ''चीनी सरकार ने देश का नागरिक होने के नाते मेरे अधिकारों का आदर करने का खुले तौर पर वादा किया था और मुझे उम्मीद है कि वो इस पर खरा उतरेंगे.''
महत्वपूर्ण है कि चेन ग्वांगचेंग जबरन गर्भपात और नसबंदी के खिलाफ मुहिम चला चुके हैं.
साल 2010 से नजरबंद
चेन को यातायात में बाधा डालने और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के लिए चार साल जेल में गुजारने के बाद वर्ष 2010 से घर पर नजरबंद रखा जा रहा था.
पिछले महीने अपने घर से भागने के बाद उन्होंने अमरीकी दूतावास में छह दिन बिताए थे.
चीन के सुरक्षा के आश्वासन के बाद बुधवार को वो दूतावास को छोड़ कर चले गए थे. बाद में उन्होंने कहा कि अपने परिवार को मिल रही धमकियों के चलते उन्होंने देश को छोड़ने का फैसला किया था.
रविवार को उन्होंने कहा था कि उन्होंने चीन के अधिकारियों से अमरीका के वीजा के लिए आवेदन करने में मदद मांगी है.
बाइडन ने यह भी कहा कि वे मानते हैं कि चेन का भविष्य अमरीका में है.
































