You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
सलमान को मिलेगी ब्रह्मराक्षस से टक्कर
- Author, सुनीता पांडेय
- पदनाम, बीबीसी हिंदी डॉटकॉम के लिए
इस वीकेंड में सलमान ख़ान के 'बिग बॉस सीज़न 10' को कड़ी टक्कर देने के लिए 'ब्रह्मराक्षस' के साथ 'कपिल शर्मा' भी तैयार है.
पिछले कई हफ़्तों से लगातार नंबर वन का ताज पहने ज़ी टीवी के चर्चित धारावाहिक 'ब्रह्मराक्षस' ने लोगों के बीच जगह बना ली है.
वहीं दूसरी ओर सोनी चैनल का 'द कपिल शर्मा शो' भी रिएलिटी शोज़ में लगातार नंबर वन की कुर्सी पर क़ायम है.
इसी बीच सलमान ख़ान की मेज़बानी में रिएलिटी शो 'बिग बॉस सीज़न 10' नए थीम के साथ आ रहा है. इस सीज़न में 13 आम चेहरों के साथ कुछ सेलिब्रिटीज भी मनोरंजन के लिए आने वाले हैं.
शो की अलग थीम के कारण घर के अंदर तो हलचल बनी रहेगी, लेकिन टीआरपी की रेस में आगे आने के लिए इस बार बिग बॉस को कड़ी मेहनत करनी पड़ सकती है. क्योंकि इस शो के पिछले सीज़न की टीआरपी काफी कम रही थी.
इस बार भी वीकेंड्स पर 'बिग बॉस' की टीआरपी पर गहरा असर पड़ सकता है. क्योंकि वीकेंड पर जहां एक ओर ज़ी टीवी का 'ब्रह्मराक्षस' है वहीं दूसरी ओर सोनी चैनल का 'द कपिल शर्मा शो' तैयार है.
दोनों शो ने दर्शकों के बीच अपनी अच्छी पकड़ बना रखी है. वैसे दोनों शो में सलमान ख़ान से बड़े स्टार नहीं हैं.
लेकिन एक ओर कॉमेडी और दूसरी ओर हॉरर शो है, तो ऐसे में कंट्रोवर्शियल शो 'बिग बॉस' को कड़ी टक्कर मिल सकती है.
टीआरपी की बात करें तो इस सूची में इस बार फिर दर्शकों ने 'ब्रह्मराक्षस' को नंबर वन पर पहुंचा दिया है.
धारावाहिक में दर्शक देखेंगे कि किस तरह ऋषभ को शक हो रहा है कि अजय ही ब्रह्मराक्षस है. वहीं दूसरी तरफ़ अपराजिता (किश्वर मर्चेंट) के हाथ वह किताब लग गई है, जिसमें उसे ब्रह्मराक्षस से बचने की तरकीब मिल जाती है.
ख़ुद को बचाने के लिए अपराजिता ब्रह्मराक्षस से रैना की शादी कराने के बारे में सोच रही है. इसके साथ ही दर्शक यह देखकर भी चौंक जाएंगे कि ऋषभ की बहन चारु अब भी ज़िंदा है, जिसकी मौत का बदला लेने के लिए ऋषभ और रैना शादी करते हैं.
किश्वर मर्चेंट, क्रिस्टल डिसूजा, अहम शर्मा और रक्षंदा ख़ान का दमदार अभिनय दर्शकों को लुभा रहा है.
वहीं दूसरे नंबर पर है स्टार प्लस का चर्चित धारावाहिक 'ये है मोहब्बतें'. धारावाहिक में इशिता को लगता है, शगुन पीहू को अच्छे संस्कार न देकर उसे बिगाड़ रही है.
इसी बात से इशिता बेहद परेशान है. इशिता को इस हालात में देख रमन भी परेशान हो जाता है. रमन को भी डर है कहीं उनका कोई क़दम पीहू को उनसे अलग ना कर दे.
रमन का डर और इशिता की ममता को पीहू कैसे समझेगी, यह देखना काफ़ी रोमांचक होगा.
इस हफ़्ते ज़ी टीवी का लोकप्रिय शो 'कुमकुम भाग्य' तीसरे नंबर पर पहुंच गया है.
धारावाहिक में दादी प्रज्ञा को अभि पर आनेवाली मुसीबतों की ज़िम्मेदार ठहराते हुए उससे वादा मांगती है कि प्रज्ञा अभि को हर मुसीबत से बचाएगी.
अगर बात करें रिएलिटी शो की तो सोनी चैनल का 'द कपिल शर्मा शो' फिर अपनी कॉमेडी का जादू चलाकर नंबर वन की कुर्सी पर क़ायम है.
वहीं बच्चों के डांस का जलवा भी कम नहीं. सोनी चैनल का ही रिएलिटी शो 'सुपर डांसर' दूसरे नंबर पर है.
(सभी तथ्य 'बार्क' की ओर से उपलब्ध आंकड़ों पर आधारित हैं. 'बार्क' टीआरपी एकत्रित करने वाली आधिकारिक एजेंसी है.)
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)