बारह राशि, अकेली प्रियंका

प्रियंका चोपड़ा
इमेज कैप्शन, प्रियंका चोपड़ा की फ़िल्म में प्रमुख भूमिका है
    • Author, कोमल नाहटा
    • पदनाम, वरिष्ठ फ़िल्म समीक्षक

जैसे सैफ़ अली ख़ान ने लव आजकल में दो अलग किरदार निभाए लेकिन उसे आमतौर पर डबलरोल नहीं कह सकते हैं, उसी तरह आशुतोष गोवारीकर की व्हाट्स योर राशि में प्रियंका चोपड़ा ने 12 अलग-अलग किरदार निभाए हैं.

आशुतोष का कहना है कि अगर वो 12 राशि की उन 12 लड़कियों के किरदार के लिए 12 अलग नायिकाएँ लेते तो दर्शक के दिल में उस नायिका के लिए सहानुभूति होती, जो सबसे ख़ूबसूरत होती.

और उसकी ख़ूबसूरती की वजह से दर्शक चाहते कि नायक हरमन बवेजा की शादी उस नायिका से हो.

आशुतोष कहते हैं- अगर मैं 12 नई लड़कियों को भी साइन करता तो भी उसी नई लड़की के लिए दर्शकों का वोट जाता जो उनें सबसे ख़ूबसूरत होती.

इसलिए उन्होंने एक ही नायिका (प्रियंका चोपड़ा) को 12 किरदारों के लिए साइन किया.

******************************************************************

अपने-पराये

नीतू सिंह की माँ का देहांत 25 अगस्त को हो गया. नीतू और ऋषि कपूर को मिलने इंडस्ट्री के छोटे-बड़े सभी लोग आएँ, लेकिन करीना कपूर, करिश्मा कपूर और उनकी माँ बबीता कहीं नज़र नहीं आईं.

रणबीर कपूर
इमेज कैप्शन, रणबीर कपूर के नाना का देहांत हो गया है

और हाँ, रणबीर की गर्ल फ़्रेंड दीपिका पादुकोण घंटों तक परिवार के साथ थी. याद करने वाली बात है कि करिश्मा कपूर की शादी में भी बबीता ने नीतू सिंह को न्यौता नहीं दिया था.

वैसे उनकी माताजी के देहांत के एक दिन पहले नीतू अपनी ननद रीमा के साथ ड्रेस डिज़ाइनर मनीष मल्होत्रा के घर गणपति के दर्शन करने गई थी.

ज़ाहिर है जिस तरह ननद-भाभी की दोस्ती थी, उस तरह देवरानी-जेठानी में नहीं है.

******************************************************************

ख़ास तोहफ़ा

मनीष मल्होत्रा
इमेज कैप्शन, मनीष मल्होत्रा को श्रीदेवी ने तोहफ़ा दिया है

मनीष मल्होत्रा की बात निकली तो उनके पाली हिल में स्थित नए घर में एक दीवार पर बहुत ही ख़ूबसूरत पेंटिंग है.

ये पेंटिंग मनीष के लिए अनमोल है क्योंकि वो पेंटिंग मनीष को श्रीदेवी ने भेंट की है.

और वो कोई बाज़ार से ख़रीदी हुई पेंटिंग नहीं है बल्कि श्रीदेवी की ख़ुद की बनाई गई पेंटिंग है.

मनीष ने पेंटिंग दिखाते वक़्त कहा- जब श्रीदेवी को मेरे नए घर के बारे में मालूम चला तो उन्होंने मुझे कहा कि वो ख़ास मेरे घर के लिए एक पेंटिंग बना रही हैं. पेंटिंग को फ़्रेम करवा कर उन्होंने मुझे भेजा. मैं तो फूला नहीं समा रहा.

******************************************************************

विद्या की बल्ले-बल्ले

विद्या बालन
इमेज कैप्शन, विद्या बालन की भूमिका की झलक लोगों को रास आ रही है

इश्क़िया के ट्रेलर विशाल भारद्वाज की कमीने की प्रिंटों में शामिल थे.

हालाँकि उस ट्रेलर में गालियाँ भरपूर हैं, फिर भी उसमें विद्या बालन की बहुत तारीफ़ हो रही है.

जी हाँ, विद्या ने भी गाली इस्तेमाल की है और वही कारण है कि लोगों को वो इस नए अंदाज़ में पसंद आई हैं.

इससे पहले विद्या बालन को इंडस्ट्री वाले और दर्शक सभी 'आंटी' के रूप में देखते थे. शायद इस फ़िल्म से उनकी छवि बदल जाए.

******************************************************************

संतोषी कटरीना

कटरीना कैफ़ का आने वाली फ़िल्म ब्लू में सिर्फ़ सात मिनट और 20 सेकेंड का रोल है. उनके ऊपर एक भी गाना नहीं फ़िल्माया गया है.

कटरीना कैफ़
इमेज कैप्शन, कटरीना सात मिनट के रोल से भी ख़ुश हैं

ऐसा नहीं है कि कटरीना का रोल काट दिया गया है.

कटरीना कहती हैं- जब मैंने ये फ़िल्म साइन की तब भी मुझे पता था कि रोल बहुत ही छोटा है. इसलिए मैंने स्पेशल अपियरेंस की मांग की. और इस रोल के लिए मुझे पैसे भी बहुत अच्छे मिले.

एक और ख़ास बात तो ये है कि इस फ़िल्म में भी अक्षय कुमार हैं. अक्षय और कटरीना की जोड़ी लकी मानी जाती है क्योंकि इन दोनों की ज़्यादातर फ़िल्में बॉक्स ऑफ़िस पर चली हैं.

******************************************************************

ग्लैमरहीन नीतू

अगल लव आजकल में आपने नीतू सिंह को उनके आधे मिनट के रोल में पसंद किया तो आप शायद उनकी अगली फ़िल्म दो दूनी चार का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे होंगे.

नीतू सिंह
इमेज कैप्शन, नीतू सिंह पूरी तरह ग्लैमरहीन लुक में नज़र आएँगी

उस फ़िल्म में भी लव आजकल की तरह नीतू के हीरो पति ऋषि कपूर ही हैं. लेकिन उस फ़िल्म में नीतू सिंह ग्लैमर के बिना नज़र आएँगी.

दो दूनी चार में नीतू ने मेकअप नहीं इस्तेमाल नहीं किया है, कपड़े साधारण हैं, उनकी एक लंबी चोटी है और हर तरीक़े से वो एक बहुत ही ग़रीब औरत नज़र आएँगी.

नीतू की बेटी, रिद्धिमा ने उनका ये गेटअप देखकर उनसे बोली- मम्मी, अब आप एक फ़िल्म ऐसी कीजिए जिसमें आप बहुत ही ग्लैमरस नज़र और बढ़िया से बढ़िया कपड़े पहनें.