जाग भी जाओ सिड

रणबीर कपूर ख़ुद में और अपनी आने वाली फ़िल्म 'वेक अप सिड' के मुख्य किरदार में कुछ समानताएं पाते हैं. वो सिड की ही तरह दोस्तों के साथ घूमते फिरते थे और ख़ूब मौज-मस्ती करते थे.
ये फ़िल्म सिड नाम के किरदार के कॉलेज की पढ़ाई पूरी करने के बाद अपनी ज़िम्मेदारियों के अहसास का सफर है. सिद्धार्थ मेहता की ज़िंदगी अपने दोस्तों, कैमरे, कार और उसके एक्स-बॉक्स 360 के इर्द-गिर्द घूमती है.
रणबीर कपूर कहते हैं कि उनकी ज़िंदगी में भी ऐसा एक दौर था लेकिन उन्हें अपनी मां के शब्द हमेशा याद रहते कि ‘ख़ूबसूरत वही है जो ख़ूबसूरत काम करता है.’
‘सुस्त नहीं’
लेकिन कपूर ये बिल्कुल साफ़ कर देते हैं कि वो सिड यानि सिर्द्धाथ की तरह सुस्त नहीं और उन्हें शूटिंग करने में मज़ा आता है.
उन्होंने कहा ‘ लोगों की आपके प्रति राय इस बात से नहीं बनती कि आप कौन-सी गाड़ी चलाते हैं या कैसे कपड़े पहनते हैं बल्कि इस बात से बनती है कि आप जीवन में क्या करते हैं.’
रणबीर कपूर कहते हैं कि हम सभी में सिड के चरित्र की दुविधाएं मौजूद हैं.
वो कहते हैं. ‘ये एक मज़ेदार फ़िल्म हैं जिसमें मुख्य किरदार को अपनी ज़िंदगी, परिवार, प्यार और अपने करियर के प्रति ज़िम्मेदारियों का अहसास होता है. लोग इस किरदार में ख़ुद को देखेंगे.’
इस फ़िल्म में कोणकोणा सेन ने आयशा का किरदार निभाया है जो सिड के एकदम विपरीत है.
कोणकोणा कहती हैं कि फ़िल्म में बाक़ी हालात के अलावा आयशा भी सिड को अपनी ज़िम्मेदारियों का अहसास दिलाने और कुछ फ़ैसले करने में सहायक होती है.
फ़िल्म के निर्माता करण जौहर कहते हैं कि ये उनके लिए एक ख़ास फ़िल्म है.
बेफ़िक्री
‘वेक अप सिड’ के निर्देशक हैं अयान मुखर्जी, जो करण जौहर की ‘कभी अलविदा ना कहना’ और आशुतोष गोवारिकर की ‘स्वदेश’ में एसिसटेंट डाइरेक्टर रह चुके हैं.
करण जौहर ने बताया कि इस फ़िल्म के किरदारों में बहुत से लोग ख़ुद को पायेंगे. उन्होंने कहा कि सिड के अलावा आयशा जैसे कई लोग मुंबई में आकर अपनी पहचान बनाने में लग जाते हैं.
जौहर ने बताया कि उन्होंने इस फ़िल्म में कोई योगदान नहीं दिया और ये पूरी तरह अयान मुखर्जी की फ़िल्म है.
वेक अप सिड के निर्देशक अयान मुखर्जी कहते हैं कि वो हमेशा ऐसी फ़िल्म बनाना चाहते थे जिसमें दिखाये जाने वाले हालात और किरदार से वो पूरी तरह वाकिफ़ हों.
उन्होंने कहा ‘ मैं ज़िंदगी के ऐसे दौर के बारे में लिखना चाहता था जब लोग नौजवानी बेफ़िक्री से जीते हैं और अपने-आप में ही खोए रहते हैं. मैं ऐसे ही वक़्त को एक फ़िल्म में ढालना चाहता था.’
वेक अप सिड में रणबीर कपूर और कोणकोणा सेन के अलावा सुप्रिया पाठक, अनुपम खेर, नमित दास और शिखा तलसानिया भी हैं.
फ़िल्म का संगीत दिया है शंकर एहसान लॉय ने दिया है
































