चुस्त-दुरुस्त बिपाशा

अभिनेत्री बिपाशा बासु ने मुंबई में एक डीवीडी लांच किया है जिसमें सेहत बनाए रखने के लिए व्यायाम के अलग-अलग तरीक़े दिखाए गए हैं.
25 मिनट के इस डीवीडी में 30 दिन की कसरत के अभ्यास दिए गए हैं. डीवीडी में व्यायाम की शुरुआत करने वालों और पहले से ही व्यायाम करने वालों के लिए अलग अलग कसरतें हैं.
बिपाशा बासु कहती हैं वो फ़िटनेस को एक धर्म की तरह मानतीं हैं. उन्होंने कहा, “इस डीवीडी में मौजूद एक रुटीन करने के बाद आपको इतनी ऊर्जा मिलेगी कि बार-बार आप इसे करना चाहेंगे. मैं ये भी मानती हूं कि एक बार अगर कोई व्यक्ति ये व्यायाम करके फ़िट हो जाए और इन्हें लगातार करता रहे तो वो दोबारा कभी अनफ़िट नहीं हो सकता.”
इससे पहले शिल्पा शेट्टी भी योग पर अपना एक डीवीडी लांच कर चुकीं हैं. तो क्या व्यायाम का एक डीवीडी शिल्पा शेट्टी से प्रेरित है? बिपाशा बासु कहतीं हैं, “मुझे योग बहुत पसंद है. शिल्पा एक बहुत अच्छी इंसान है लेकिन मेरे इस डीवीडी के लिए वो प्रेरणा बिल्कुल नहीं हैं.”
बिपाशा बासु इस डीवीडी को प्रस्तुत करने के पीछे की वजह बताते हुए कहतीं हैं कि फ़िट रहना सिर्फ़ फ़िल्म सितारों के लिए ही ज़रुरी नहीं है. बिपाशा बासु ने कहा, “स्वास्थ्य बहुत ज़रुरी है, अगर आप अस्वस्थ हैं तो आप जीवन का आनंद नहीं ले सकते.”
इस अवसर पर बिपाशा बासु के नज़दीकी मित्र जॉन अब्राहम भी मौजूद थे. जॉन ने कहा, “ये डीवीडी जितना महिलाओं के लिए कारगर है उतना ही पुरुषों के लिए भी. इसमें फ़िटनेस ट्रेनिंग का सही तरीका बताया गया है.”
डीवीडी हिंदी और अंग्रेज़ी में उपलब्ध है और इसमें ‘बेबी लव योरसेल्फ़’ नाम का एक गाना भी है.




























