किकबॉक्सिंग के समर्थन में जॉन अब्राहम

जॉन अब्राहम
इमेज कैप्शन, जॉन अब्राहम कहते हैं कि किकबॉक्सिंग सिर्फ़ मार-धाड़ नहीं होती बल्कि इसके कई और पहलु भी हैं

अपनी फ़िटनेस के लिए मशहूर बॉलीवुड अभिनेता जॉन अब्राहम अब किकबॉक्सिंग का समर्थन करने के लिए सामने आए हैं.

किकबॉक्सिंग का खेल आत्मा रक्षा और फ़िटनेस के साथ जुडा है. इसकी ख़ास बात ये है कि ये सिर्फ खड़े होकर खेला जाता है और जैसे ही प्रतियोगी ज़मीन पर गिरता है ये खेल ख़त्म हो जाता है.

अक्सर सोचा जाता है कि ये खेल बहुत हिंसक है लेकिन जॉन अब्राहम कहते हैं, "किकबॉक्सिंग सिर्फ़ मारधाड़ नहीं होती बल्कि इसके कई और पहलू भी हैं. अगर ध्यान से खेला जाये तो ये बहुत बढ़िया खेल है. इसमें प्रतियोगियों की मेडिकल फिटनेस पर भी बहुत ध्यान दिया जाता है."

पुणे में 18 से 21 फरवरी तक एशियन ओपन किकबॉक्सिंग चैम्पियनशिपहो रही है.

ये पहली बार है कि इस तरह की चैम्पियनशिप भारत में हो रही है. इसमें फ्रांस, ग्रीस, हंगरी, चेक गणराज्य, ईरान, नाइजीरिया, नेपाल, लेबनान, संयुक्त अरब अमीरात, अफ़गानिस्तान, हांगकांग से 500 प्रतियोगी हिस्सा लेंगे.

जॉन कहते हैं कि इस चैम्पियनशिप का भारत में आना बहुत अच्छी बात है.

बॉलीवुड में आजकल अभिनेताओं को एक्टिंग के साथ-साथ फ़िटनेस पर भी बहुत ध्यान देना पड़ता है. जॉन अब्राहम के लिए तो बॉलीवुड के खिलाड़ी अक्षय कुमार सबसे फ़िट एक्टर हैं.

जॉन कहते हैं, "इसमें कोई दो राय नहीं है कि अक्षय कुमार बॉलीवुड के सबसे फ़िट एक्टर हैं. चाहे आप फ़िटनेस, बॉडी या फिर किकबॉक्सिंग की बात करें तो अक्षय से बढ़कर कोई नहीं है."

वैसे जॉन को तीन बार हैवीवेट चैम्पियन रह चुके बॉक्सर मोहम्मद अली भी बेहद पसंद हैं.

वे कहते हैं "मैंने उनकी किताब 'अली' पढ़ी है और वो बहुत ही प्रेरणादायक है. मुझे उनकी किताब पढ़ने में बहुत मज़ा आया."