कब आएगा कटरीना का नंबर

मुबंई के यश राज स्टूडियो 27 फ़रवरी को होने वाले 55वें फ़िल्मफ़ेयर अवार्ड समारोह के लिए तैयारियां ज़ोरों पर हैं.
इस साल सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के सम्मान के लिए कटरीना कैफ़ को ‘न्यूयॉर्क’ के लिए नामांकित किया गया है.
वैसे उन्हें नामांकन तो कई पुरस्कार समारोहों में मिले हैं लेकिन उन्हें अभी तक एक बार भी सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का अवार्ड नहीं मिला है.
फ़िल्मफ़ेयर पुरस्कार समारोह के सिलसिले में मुंबई में बुधवार को हुए एक आयोजन में फ़िल्म अभिनेत्री कटरीना ने कहा कि हर कलाकार अवार्ड जीतना चाहता है, लेकिन नामांकित किया जाना भी कम कोई छोटी उपलब्धि नहीं है.
उन्होंने कहा, ''मुझे इतने सारे पुरस्कारों के लिए नामांकित किया जा चुका है कि अब तो मैं पुरस्कारों के लिए नामांकन होने पर भी गौरन्वित महसूस लगीं हूं.”
ख़ूबसूरत
हल्के-फुल्के अंदाज़ में कटरीना कहती हैं, “मेरे जीवन का ये मक़सद नहीं है कि मैं कभी कोई अवार्ड ना जीतूं. लेकिन मैं ये तो नहीं कह सकती ना कि प्लीज़ मुझे अवार्ड दे दो. अगर मुझे पुरस्कार मिलना होगा तो ज़रुर मिलेगा.”

इस श्रेणी में कटरीना के टक्कर दे रहीं हैं – करीना कपूर, दीपिका पादुकोण, प्रियंका चोपड़ा और विद्या बालन.
करीना कपूर को फ़िल्म ‘कुरबान’ और ‘थ्री इडियट्स’ के रुप में दो नामांकन मिले हैं जबिक दीपिका पादुकोण को ‘लव आजकल’, प्रियंका चोपड़ा को ‘कमीने’ और विद्या बालन को ‘पा’ के लिए नामांकन मिला है.
कटरीना कैफ़ को हिंदी फ़िल्मों में उनकी ख़ूबसूरती और दिलकश अदाओं के लिए जाना जाता है लेकिन वो इस प्रशंसा को पूरी तरह मंज़ूर नहीं करतीं हैं.
उन्होंने ज़ोर देकर कहा, “मैं व्यक्तिगत तौर पर ये महसूस नहीं करती कि मैं हॉट या सेक्सी हूं. मेरी तो कोशिश दर्शकों को निराश न करने की होती है.”
दर्शक तो निराश नहीं होते लेकिन उम्मीद करते हैं कि इस बार कैटरीना भी निराश न हों और अपने जीवन का पहला सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का अवार्ड पा जाएं.
































