किशोर दा जैसा बनने की चाहत !

पाकिस्तानी गायक अली ज़फ़र अब अभिनेता के तौर पर अपनी पकड़ बनाने की कोशिश में हैं और इसके लिए उनकी प्रेरणा हैं मशहूर गायक किशोर कुमार.

अली ज़फ़र जल्द ही फ़िल्म 'लंदन पेरिस न्यूयॉर्क' में अभिनय करते दिखाई देगें. इस फ़िल्म के प्रोमो लॉन्च के मौके पर मुंबई में अली ज़फ़र मीडिया से मुख़ातिब हुए.

पत्रकारों ने पूछा कि वो गायकी और अभिनय साथ-साथ कर रहे हैं तो क्या वो किशोर कुमार से प्रेरणा ले रहे हैं.

इस सवाल के जवाब में अली ज़फ़र ने कहा, "अगर आप मेरी तुलना किशोर कुमार से करते हैं तो ये मेरे लिए बहुत बड़ी तारीफ़ है. मैंने हमेशा किशोर कुमार से प्रेरणा ली है. उनमें इतना ज़्यादा टैलेंट था कि मैं तो उनके करीब भी नहीं आता हूं, मैं उम्मीद करता हूँ कि अपने छोटे मोटे काम के सहारे भविष्य में ही मेरा भी थोड़ा सा नाम हो कि अली ज़फ़र भी कोई था."

बात जब अभिनय की चली तो उनसे पूछ ही लिया गया कि क्या वो अपने आप को अच्छा अभिनेता मानते हैं,

अली ज़फ़र कहते हैं, "अभिनय करने की मेरे अंदर क्षमता है या नहीं वो तो मुझे नहीं पता है लेकिन ये ज़रूर है कि मुझे कुछ अच्छे लोग मिल गए जो अच्छी फ़िल्में बनाना चाहते थे,मैं उनके साथ जुड़ गया. कुछ फ़िल्मों के बाद मुझे मज़ा आ गया. ये सब एक प्रक्रिया हैं और मैं इसका लुत्फ़ उठा रहा हूँ."

अली ज़फ़र ने अभी तक फ़िल्म दो हिंदी फ़िल्मों में काम किया है, वो हैं 'तेरे बिन लादेन' और 'मेरे ब्रदर की दुलहन'. उनकी आगामी फ़िल्म'लंदन पेरिस न्यूयॉर्क' भी उनकी पिछली दो फ़िल्मों की तरह कॉमेडी ही हैं. तो क्या कॉमेडी उनकी पहली पसंद है.

इसके जवाब में अली कहते हैं, "मुझे ऐक्शन करना बहुत पसंद है. ऐसा नहीं है कि मैं सिर्फ कॉमेडी ही करने वाला हूं. बस ये है कि मुझे जो-जो फ़िल्में मिली वो कॉमेडी थी."

ग़ौरतलब है कि फ़िल्म 'लंदन पेरिस न्यूयॉर्क' में अली ज़फ़र ने अभिनय के अलावा गाना गाया है, संगीत दिया है और गाने के बोल भी अली ज़फ़र के ही हैं.