'भीड़ ने तेंदुए को पीट-पीट कर मार डाला'

इमेज स्रोत, FOREST DEPARTMENT TEHRI
आज 'इंडियन एक्सप्रेस', 'हिंदुस्तान टाइम्स' और 'टाइम्स ऑफ़ इंडिया' समेत सभी प्रमुख अंग्रेज़ी अख़बारों ने दिल्ली के पास हरियाणा के सोहना में एक तेंदुए पर भीड़ के हमले की तस्वीर प्रकाशित की है.
जंगल से आबादी के इलाक़े में घुस आए इस तेंदुए ने कुछ जानवरों पर हमला कर दिया था जिसके बाद ग़ुस्साई भीड़ ने पीट-पीटकर तेंदुए को मार डाला.

इमेज स्रोत, Getty Images
भारत के चर्चित उद्योगपति रतन टाटा ने सरकार से नोटबंदी से प्रभावित गरीबों को राहत देने के लिए 'आपात क़दम उठाने की अपील' की है.
'द इंडियन एक्सप्रेस' की रिपोर्ट के मुताबिक रतन टाटा ने कहा है कि जहां सरकार करेंसी उपलब्ध कराने के हर संभव प्रयास कर रही है वहीं ग़रीबों को राहत देने के लिए आपदा के दौरान लिए जाने जैसे क़दम उठाने की ज़रूरत है.

इमेज स्रोत, AFP
दिल्ली में पुलिस ने तीन लोगों को 27 लाख रुपए के नए नोटों के साथ गिरफ़्तार किया है. 'द इंडियन एक्सप्रेस' के मुताबिक इन लोगों को निज़ामुद्दीन रेलवे स्टेशन से गिरफ़्तार किया गया है.
'द हिंदू' की एक रिपोर्ट के मुताबिक गुजरात सरकार ने आरक्षण पर बातचीत के लिए पाटीदार नेता हार्दिक पटेल को निमंत्रण दिया है.
गुजरात के उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल ने पत्रकारों से कहा कि सरकार आरक्षण के मुद्दे का शांतिपूर्ण हल चाहती है और इस पर बात करने के लिए हार्दिक पटेल समेत अन्य लोगों को बुलाया गया है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)












