You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
लाउडस्पीकर बजे तो सोनू निगम ग़ुस्सा क्यों: मीका सिंह
बॉलीवुड गायक सोनू निगम के बयान पर मीका सिंह ने कहा है कि उन्हें ऐसा कोई बयान नहीं देना चाहिए था.
ट्विटर पर पोस्ट किए एक वीडियो के ज़रिए उन्होंने कहा कि वो सोनू निगम की बेहद इज़्ज़त करते हैं लेकिन इस मामले में उनकी राय अलग है.
उन्होंने कहा, "मैं नहीं जानता कि उन्होंने ऐसा बयान क्यों दिया और क्या सोच के दिया. हो सकता है कि उन्होंने किसी और तरीके से ये संदेश दिया हो और हमने इसे अलग नज़रिए से देखा."
उन्होंने कहा, "मंदिर हो या मस्जिद हो वहां लाउडस्पीकर तेज़ आवाज़ में बजना मुझे नहीं लगता कोई गुस्से वाली बात है. आम तौर पर सुबह जब लाउडस्पीकर बजता है तो लोगों को पता चलता है कि उन्हें वहां दर्शन के लिए जाना चाहिए. ऐसा ही मस्जिद की अज़ान और मंदिर में आरती होना लोगों को सुबह जल्दी उठने के लिए और पूजा के लिए जाने के लिए प्रेरित करता है. ये तो एक संदेश है कि मंदिर या मस्जिद अब खुल गया है."
सोनू के बयान पर उन्होंने आगे कहा, "इस चीज़ से अगर ऐतराज़ था तो वो इसे प्यार से भी बोल सकते थे, बजाय इसके कि सीधा कह दें."
इससे पहले मीका ने ट्वीट किया था. "मुझे लगता है कि लाउडस्पीकर बदलने की बजाय आपको अपना घर बदल कर किसी और जगह चले जाना चाहिए. गुरुद्वारा, मंदिर, मस्जिद और चर्च केवल पूजा की जगहें नहीं बल्कि लोगों की मदद करने का भी ज़रिया हैं."
वीडियो में उन्होंने कहा, "कई लोग जो दूर गांव से आते हैं वो मंदिरों मस्जिदों में जाते हैं और वहां उन्हें लंगर मिलता है. ये सभी धर्मों में है."
मीका ने कहा कि सोनू निगम के बयान से वो नाराज़ नहीं हैं लेकिन उनसे सहमत नहीं हैं,
उन्होंने कहा,"जो चीज़ सालों से चलती आ रही है उसे अचानक रोकना अच्छी बात नहीं है, कोई आपको दारू पीने या पार्टी करने के लिए तो नहीं कह रहा है."
हम दुबई शो करने जाते हैं तो हमें इस पर कोई ऐतराज़ नहीं होता, तो फिर भारत में ऐतराज़ क्यों हो."
सोनू निगम ने सोमवार के कई ट्वीट कर कहा था "मैं मुसलमान नहीं हूं और सवेरे अज़ान की वजह से जागना पड़ता है. भारत में ये जबरन धार्मिकता कब थमेगी. जो लोग धर्म को नहीं मानते. मैं ऐसे किसी मंदिर या गुरुद्वारे में यक़ीन नहीं रखता जो ऐसे लोगों को जगाने के लिए बिजली (लाउडस्पीकर) का इस्तेमाल करते हैं जो धर्म में यक़ीन नहीं रखते. फिर क्यों? ईमानदारी से बताइए? सच क्या है? "
उनके इन ट्वीट से नाराज़ पचिम बंगाल के एक मौलवी ने उन पर फतवा जारी किया था और कहा कि उनका सिर मुंडने वाले को वे दस लाख रुपये देंगे.
इसका उत्तर देते हुए मंगलवार को एक प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने ऐलान किया कि वो अपना सिर एक मुसलमान भाई से मुंडवा रहे हैं और फतवा देने वाले मौलवी 10 लाख रुपए तैयार रखें.
हालांकि फतवा देने वाले मौलवी ने कहा कि उनकी शर्तें पूरी नहीं हुई हैं.