You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
येदियुरप्पा ने दलित के घर खाया होटल का खाना?
- Author, इमरान कुरैशी
- पदनाम, बेंगलुरु से, बीबीसी हिंदी डॉटकॉम के लिए
कर्नाटक के बीजेपी नेता और पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा का एक दलित परिवार के घर खाना खाने पर विवाद बढ़ता जा रहा है.
विवाद की वजह भी है. येदियुरप्पा जिस परिवार के घर गए थे वहां उनके लिए कथित तौर पर खाना किसी होटल से मंगाया गया था.
और इस घटना के बाद कांग्रेस नेताओं ने सामाजिक न्याय को लेकर उनकी प्रतिबद्धता पर सवाल उठाए.
अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनज़र येदियुरप्पा और दूसरे बीजेपी नेता राज्य में पार्टी की तरफ से जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं.
इसमें केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार और पार्टी महासचिव मुरलीधर राव भी हिस्सा ले रहे हैं.
दलित परिवार
पिछले हफ्ते वे बेंगलुरु से 70 किलोमीटर दूर तुमाकुरु के एक दलित परिवार के यहां गए थे.
इन नेताओं ने दलित परिवार के यहां नाश्ता तो किया लेकिन ये नाश्ता नज़दीक के एक होटल से मंगाया गया था.
स्थानीय मीडिया की रिपोर्टों में ये कहा गया कि इन नेताओं ने दलित परिवार के घर का खाना खाने से इनकार कर दिया.
इस ख़बर पर कांग्रेस की तरफ से कड़ी प्रतिक्रिया आई है.
लोकसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने बीबीसी हिंदी से कहा, "इस घटना से ये पता चलता है कि उनके दिमाग में मनुस्मृति कहीं अटक गई है. यहां तक कि बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह भी दिखावा करते हैं. क्या दलित इंसान नहीं हैं? क्या दलित हिंदू समाज का हिस्सा नहीं हैं? क्या दलित भारतीय नहीं हैं?"
राज्य में विवाद
लेकिन येदियुरप्पा ने ये कहते हुए कांग्रेस नेताओं को आड़े हाथों लिया कि कांग्रेस और जनता दल सेक्युलर के नेताओं को हजम नहीं हो रहा है कि एक दलित परिवार ने उन्हें और उनके सहयोगियों को अपने घर बुलाया.
येदियुरप्पा ने कहा, "उन्होंने दावा किया है कि मेरे लिए नाश्ता होटल से मंगवाया गया. चूंकि वे लोग वो नहीं कर सकते जो मैंने किया. वे राज्य में विवाद खड़ा करने की कोशिश कर रहे हैं."
इस बीच, एक कांग्रेस कार्यकर्ता डी वेंकेटेश ने मांड्या के पुलिस अधीक्षक के पास इस घटना की शिकायत दर्ज कराई है.
उनका कहना है कि दलित परिवार के यहां तैयार खाना न खाकर बीजेपी नेताओं ने दलित परिवार का अपमान किया है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)