सरताज अज़ीज़ पर क्यों भड़कीं सुषमा स्वराज

इमेज स्रोत, Getty Images
भारत की विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने पाकिस्तानी पीएम के विदेश मामलों के सलाहकार सरताज अज़ीज़ को आड़े हाथों लिया है.
स्वराज ने अज़ीज़ पर आरोप लगाया है कि वे पत्र का जवाब देने का शिष्टाचार तक नहीं निभा रहे हैं.
स्वराज के मुताबिक उन्होंने कुलभुषण जाधव की मां अवंतिका जाधव के वीज़ा के लिए सरताज अज़ीज़ को निजी तौर पर ख़त लिखा था लेकिन अज़ीज़ ने कोई प्रतिक्रिया तक नहीं दी.

इमेज स्रोत, @sushmaswaraj
जाधव मामला
कुलभूषण जाधव कथित जासूसी की आरोप में इन दिनों पाकिस्तानी जेल में बंद हैं और उन्हें मौत की सजा सुनाई गई है.
हालांकि स्वराज ने अपने ट्वीट में पाकिस्तानी नागरिकों को ये भी भरोसा दिया है कि मेडिकल वजहों से भारत हर पाकिस्तानी नागरिक को वीज़ा दे सकता है अगर सरताज अज़ीज़ उसका अनुमोदन कर दें.
सुषमा स्वराज का ये ट्वीट उस ख़बर के संदर्भ में आया है जिसमें कहा जा रहा है कि कैंसर के एक पाकिस्तानी मरीज़ को भारत वीज़ा नहीं दे रहा है.

इमेज स्रोत, @sushmaswaraj
ख़बरों में बताया गया है कि 25 साल की फाज़िया तनवीर के मुंह में ट्यूमर है और उन्होंने मेडिकल ग्राउंड पर वीज़ा आवेदन किया था, जिसे अस्वीकार कर दिया गया था.
उनके परिवार के मुताबिक वीज़ा आवेदन रद्द होने की वजह दोनों देशों के ख़राब होते संबंधों को बताया गया.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)












