You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
पीएनबी स्कैम: ईडी ने जब्त की 5100 करोड़ की संपत्ति
पंजाब नेशनल बैंक में 11,360 करोड़ रुपये के घोटाले के मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने नीरव मोदी और गीतांजली ज्वेलर्स से जुड़े 17 ठिकानों पर छापे मारे हैं.
इन छापों में सोना, हीरे और बहुमूल्य रत्न के रूप में 5,100 करोड़ रुपयों की संपत्तियां जब्त की गई है.
प्रवर्तन निदेशालय ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर इसकी जानकारी दी है.
लुक आउट नोटिस
केंद्र सरकार की तरफ़ से बुधवार को क़ानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा था कि नीरव मोदी का पासपोर्ट रद्द करने की कार्रवाई शुरू की गई है.
उनका कहना था कि इस मामले में विस्तृत जांच होगी और दोषी को नहीं बख़्शा जाएगा.
उन्होंने कहा, "नीरव मोदी की 1300 करोड़ रुपये की प्रॉपर्टी सीज़ की गई है. लुक आउट नोटिस भी जारी किए गए हैं."
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ इस ख़बर के बाद गुरुवार को गीतांजली के शेयर्स में 19 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है.
जांच के दायरे में...
पंजाब नेशनल बैंक ने इसी सप्ताह एक बड़े घोटाले के पता लगने की घोषणा की थी.
बैंक का कहना था कि इस मामले में पैसों की वसूली के लिए उन्होंने प्रवर्तन निदेशालय से संपर्क किया है.
इस मामले में चार बड़ी कंपनियां- गीतांजली, गिन्नी, नक्षत्र और नीरव मोदी प्रवर्तन निदेशालय की जांच के दायरे में हैं.
समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार प्रवर्तन निदेशालय ने विदेश मंत्रालय से नीरव मोदी, उनकी पत्नी ऐमी मोदी और कंपनी के प्रोमोटर मेहुल चोकसी के पासपोर्ट रद्द करने की सिफारिश की है.