You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
राहुल गांधी केरल की वायनाड सीट से लड़ सकते हैं चुनाव- प्रेस रिव्यू
टाइम्स ऑफ़ इंडिया के मुताबिक़ कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी केरल की वायनाड सीट से भी लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं.
कहा जा रहा है कि राहुल के वायनाड से उतरने की वजह सुरक्षित सीट और दक्षिण भारत में पार्टी को मज़बूत करने के साथ अल्पसंख्यक मतदाताओं को सकारात्मक संकेत देना हो सकती है.
वायनाड लोकसभा क्षेत्र में मुस्लिम और ईसाई मतदाताओं की अच्छी-ख़ासी संख्या है. कहा जा रहा है कि पार्टी की तमिलनाडु और कर्नाटक से पार्टी कार्यकर्ता राहुल गांधी से दक्षिण भारत से चुनाव लड़ने का आग्रह कर रहे थे.
इस बीच, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने ट्वीट कर राहुल गांधी का मज़ाक उड़ाया. स्मृति ईरानी के मुताबिक़, चूंकि अमेठी के लोगों ने राहुल गांधी को बाहर कर दिया है, इसलिए अब ऐसा माहौल बनाया जा रहा है ताकि यह लगे कि दूसरे राज्यों के लोग उन्हें चाहते हैं.
स्मृति ने अपने ट्वीट में कहा, 'अमेठी ने भगाया, जगह-जगह से बुलावे का स्वांग रचाया, क्योंकि जनता ने ठुकराया, सिंहासन खाली करो राहुल जी कि जनता आती है.' इस ट्वीट के साथ एक हैशटैग भी लगाया गया था... #BhaagRahulBhaag.
कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने भी स्मृति इरानी को ट्विटर पर जवाब दिया.
उत्तर प्रदेश में अमेठी लोकसभा क्षेत्र से राहुल और स्मृति एक-दूसरे के ख़िलाफ़ लोकसभा चुनाव में ताल ठोकने के लिए उतर चुके हैं.
2014 के लोकसभा चुनाव में भी स्मृति इरानी को राहुल गांधी के खिलाफ अमेठी से मैदान में उतारा गया था. जिसमें स्मृति ईरानी को हार का सामना करना पड़ा था.
चीनी मिलों पर अरबों बकाया
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक़ उत्तर प्रदेश में किसानों का चीनी मिलों पर लगभग 10 हज़ार करोड़ रुपए का बकाया है. ख़बर के मुताबिक़ इसमें से 45 फ़ीसदी बकाया रक़म उन छह लोकसभा क्षेत्रों के किसानों की है, जिनमें पहले चरण में 11 अप्रैल को मतदान होना है.
पहले चरण में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की आठ लोकसभा सीटों पर मतदान होना है. ये आंकड़ा लखनऊ स्थित गन्ना आयुक्त के दफ़्तर से लिया गया है.
गुजरात में बीजेपी का पुराने सांसदों पर भरोसा
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक़ भाजपा ने गुजरात में 15 और लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी.
भाजपा ने फिर से 14 मौजूदा सांसदों को टिकट दिए हैं. बीजेपी गांधीनगर से पहले ही लालकृष्ण आडवाणी की जगह पार्टी अध्यक्ष अमित शाह के नाम की घोषणा कर चुकी है. भाजपा अभी तक 285 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर चुकी है.
लोकसभा के चुनाव सात चरणों में 11 अप्रैल से 19 मई के बीच होंगे और 23 मई को मतगणना की जाएगी.
इससे पहले, भाजपा की गुजरात इकाई के प्रमुख जीतू वाघाणी ने बताया कि फ़िल्म अभिनेता और अहमदाबाद पूर्व से लोकसभा सदस्य परेश रावल इस बार चुनाव नहीं लड़ेंगे.
पहले रावल ने खुद ट्वीट कर कहा था कि उन्होंने पार्टी को कई महीने पहले ही सूचित कर दिया था कि वह अप्रैल-मई लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)