You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
आम्रपाली से जुड़ी कंपनी में धोनी की पत्नी निदेशक
द इंडियन एक्प्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की पत्नी साक्षी धोनी आम्रपाली समूह से जुड़ी एक कंपनी की निदेशक और 25 फ़ीसदी शेयरधारक थीं.
धोनी हमेशा कहते रहे हैं कि वो सिर्फ़ आम्रपाली समूह के ब्रैंड एंबेसडर थे. लेकिन कंपनी ने जो दस्तावेज़ रजिस्टार ऑफ़ कंपनीज़ में पेश किए हैं उनसे धोनी और कंपनी के बीच जटिल रिश्ता नज़र आता है.
आम्रपाली समूह पर अब धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है. अख़बार के अनुसार धोनी की पत्नी साक्षी सिंह धोनी आम्रपाली माही डेवलवर्स प्राइवेट लिमिटेड की निदेशक और 25 फ़ीसदी की मालिक हैं जबकि इसी कंपनी में आम्रपाली समूह के सीएमडी अनिल कुमार शर्मा की 75 फ़ीसदी की हिस्सेदारी है.
सुप्रीम कोर्ट में पेश की गई आम्रपाली समूह की ऑडिट रिपोर्ट के मुताबिक़ ये कंपनी भी आम्रपाली समूह की उन 47 कंपनियों में शामिल है जिन्हें कंपनी से पैसा मिला. ऑडिट रिपोर्ट में कहा गया है कि ये पैसा मकान ख़रीदने वाले लोगों का था.
कुमारस्वामी का आख़िरी आदेश
विश्वासमत हारकर सत्ता गंवाने से पहले कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारास्वामी ने अपना वादा पूरा करने के लिए एक आख़िरी आदेश जारी किया.
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक कुमारास्वामी ने भूमिहीन मज़दूरों का क़र्ज़ माफ़ करने के लिए आदेश पारित किया. कुमारास्वामी ने शनिवार को बताया कि उन्होंने ये आदेश विश्वासमत हारने से कुछ घंटे पहले ही जारी किया.
पालकी पर अधिकारी सवार, उठे सवाल
जम्मू-कश्मीर में एक गांव का दौरा करने गए एक स्थानीय अधिकारी की पालकी में बैठे तस्वीरें सामने आने के बाद विवाद हो गया है. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक़ डिप्टी कमिश्नर शौकत एजाज़ भट्ट की जो तस्वीर वायरल हुई है उसमें वो पालकी पर सवारी करते दिख रहे हैं. एक व्यक्ति उनके ऊपर छाता लगाए भी चल रहा है.
भट्ट का कहना है कि रास्ते में ही उनके एक सहकर्मी की हालत ख़राब हो गई थी और उन्हें भी लग रहा था कि वो पैदल चलकर गाँव नहीं पहुंच पाएंगे.
ऐसे में गांववालों ने स्वेच्छा से चारपाई की पालकी बनाकर उन्हें उठा लिया. सोशल मीडिया पर इस तस्वीर की आलोचना की जा रही है और उन्हें नए दौर का महाराजा तक कहा जा रहा है.
मेडिकल कॉलेज केस में जज पर मुक़दमा
द टाइम्स ऑफ़ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक़ सीबीआई ने ओडिशा हाई कोर्ट के रिटायर्ड जज जस्टिस आईएम क़ुद्दूसी पर मेडिकल क़ॉलेज केस मामले में मुक़दमा दर्ज किया है.
उन पर लखनऊ के एक निजी मेडिकल कॉलेज का निलंबन रोकने में मदद करने के आरोप हैं. पूर्व जज के अलावा छह और लोगों पर आपराधिक साज़िश का मुक़दमा दर्ज किया गया है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)