पत्नी रिवाबा के लिए सियासी पिच पर बैटिंग करने पहुँचे रवींद्र जडेजा, भगवा कुर्ते की चर्चा

इमेज स्रोत, Rivaba Jadeja/Insta
"वह (रिवाबा जडेजा) पहली बार एमएलए उम्मीदवार हैं और वह बहुत कुछ सीखेंगी. मैं उम्मीद करता हूँ कि वो इस दिशा में तरक्की करेंगी. वह स्वभाव से मददगार हैं, हमेशा से लोगों की सहायता करना चाहती थीं और इसीलिए सियासत में उतरीं. वह लोगों के लिए काम करने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जज़्बे पर आगे बढ़ना चाहती हैं."
ये कहना था हरफ़नमौला क्रिकेटर रवींद्र जडेजा का, जो सफेद, नीली या पीली जर्सी में नहीं (आमतौर पर क्रिकेटप्रेमी उन्हें ऐसी ही पोशाक में देखने के आदी रहे हैं) बल्कि भगवा कुर्ते में कैमरे के सामने गुजराती में बोलते दिखे.
मौका था गुजरात के जामनगर में बीजेपी का एक कार्यक्रम जहाँ सियासी पिच पर खेलने उतरीं उनकी पत्नी रिवाबा जडेजा बतौर बीजेपी उम्मीदवार अपना नामांकन दाखिल करने पहुँची थी. गुजरात में अगले महीने विधानसभा चुनाव होने हैं और बीजेपी ने रिवाबा को जामनगर (उत्तर) से अपना प्रत्याशी बनाया है.
रिवाबा और पूर्व कांग्रेस नेता हार्दिक पटेल उन चर्चित नामों में से हैं जिन्हें बीजेपी ने 160 उम्मीदवारों की पहली सूची में जगह दी है. गुजरात विधानसभा चुनाव दो चरणों में एक दिसंबर और पांच दिसंबर को होंगे. आठ दिसंबर को मतों की गिनती होगी और नतीजे घोषित होंगे. इसी दिन हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों के नतीजे भी जारी होंगे.
इससे पहले, रवींद्र जडेजा ने रविवार को ट्विटर पर एक वीडियो पोस्ट कर अपनी पत्नी के लिए समर्थन मांगा. गुजराती में बोलते हुए उन्होंने कहा, "मेरे प्यारे जामनगर वासियों और सभी क्रिकेट प्रेमियों.
जैसा कि आप सभी जानते हैं गुजरात विधानसभा चुनाव टी20 क्रिकेट की तरह तेज़ी पर है. बीजेपी ने मेरी पत्नी रिवाबा को उम्मीदवार बनाया है. वो 14 नवंबर को अपना नामांकन दाखिल करेंगी. यह आपकी ज़िम्मेदारी है कि उनकी जीत का माहौल बनाएं. तो फिर कल मिलते हैं. "
ये भी पढ़ें:-
दिलचस्प है मुक़ाबला
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त
जामनगर (उत्तर) सीट पर मुक़ाबला ख़ासा दिलचस्प बन गया है. रवींद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा बीजेपी की कैंडिडेट हैं, लेकिन रवींद्र की बहन नैना बा जडेजा को रिवाबा का साथ नहीं मिल रहा है.
नैना बा भी साल 2019 से सियासत में हैं और अभी कांग्रेस का प्रचार कर रही हैं. कहा जा रहा है कि नैना बा ने इसी सीट पर दावेदारी जताई थी, लेकिन कांग्रेस ने बिनेंद्र सिंह को अपना आधिकारिक उम्मीदवार घोषित किया है. नैना बा अब बिपेंद्र सिंह के पक्ष में प्रचार करती नज़र आ रही हैं.
लोगों की प्रतिक्रियाएं
पत्नी के पक्ष में अपील करने के बाद रवींद्र जडेजा को सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं.
कुछ लोग पत्नी के पक्ष में चुनाव प्रचार करने के लिए रवींद्र जडेजा की सराहना कर रहे हैं तो कुछ का कहना है कि राष्ट्रीय क्रिकेटर होने के नाते उन्हें किसी ख़ास पार्टी का प्रचार नहीं करना चाहिए.
वह (रिवाबा जडेजा) पहली बार एमएलए उम्मीदवार हैं और वह बहुत कुछ सीखेंगी. मैं उम्मीद करता हूँ कि वो इस दिशा में तरक्की करेंगी. वह हमेशा से लोगों की सहायता करना चाहती थीं.
@cricket_point1 हैंडल से लिखा गया, "आज आपके लिए मेरे सम्मान जाता रहा. क्रिकेट में जब आपका ख़राब दौर था, तब भी मैं आपका बड़ा प्रशंसक था. लेकिन मुझे सबसे ज़्यादा दुख तब हुआ कि आप सियासत में भी नहीं हैं और आप नेशनल ड्यूटी पर हैं, फिर भी एक पार्टी विशेष के लिए प्रचार कर रहे हैं."
@Sachin_anshu06 ने लिखा, "रवींद्र जडेजा और रिवाबा जडेजा को भगवा अवतार में देखना शानदार रहा. उनकी पत्नी जामनगर सीट से लड़ रही हैं."
कौन हैं रिवाबा?
रिवाबा की राजनीति में एंट्री भी धमाके के साथ हुई. फ़िल्म 'पद्मावती' के विरोध से सुर्खियों में आई करणी सेना ने रिवाबा को साल 2018 में गुजरात में महिला मोर्चे का प्रमुख बनाया.

इमेज स्रोत, Rivaba Jadeja/Insta
मैकेनिकल इंजीनियर रिवाबा ने राजकोट से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की. उनके पिता हरदेव सिंह सोलंकी उद्यमी हैं.
रिवाबा की मुलाक़ात रवींद्र जडेजा से साल 2015 में एक पार्टी में हुई. इस मुलाक़ात के बाद दोनों की क़रीबियां बढ़ती गई और अगले साल ही 5 फ़रवरी 2016 को दोनों ने सगाई कर ली. फिर दो महीने बाद ही दोनों वैवाहिक रिश्ते में बंध गए. तीन दिनों तक चला ये वैवाहिक कार्यक्रम तब खूब सुर्खियों में रहा था.
विवादों में रिवाबा
मई 2018 में रिवाबा की बीएमडब्ल्यू कार एक पुलिस कॉन्स्टेबल की बाइक से टकरा गई थी. तब रिवाबा ने पुलिसवाले पर मार-पीट का आरोप लगाया था.

इमेज स्रोत, Ravindra Jadeja/Insta
बाद में जामनगर के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक प्रदीप सेजुल ने कहा था कि रिवाबा के आरोप गंभीर हैं. उन्होंने कहा था कि रिवाबा की शिकायत पर कॉन्स्टेबल के ख़िलाफ़ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और उसके ख़िलाफ़ विभागीय कार्रवाई की जाएगी.
रवींद्र जडेजा और रिवाबा ने नवंबर 2018 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाक़ात की थी. इसके कुछ महीने बाद 2019 लोकसभा चुनाव से ठीक पहले रिवाबा बीजेपी में शामिल हुईं.
इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट YouTube समाप्त
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)












