लाइव, ट्रंप बोले- अगले हफ़्ते ईरान पर ज़ोरदार हमला करने वाला है अमेरिका

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फ़ॉक्स न्यूज़ को दिए एक इंटरव्यू में कहा है कि अमेरिका अगले हफ़्ते "ईरान पर बहुत ज़ोरदार हमला करने वाला" है.

सारांश

लाइव कवरेज

सौरभ यादव, सुरभि गुप्ता

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता को दीजिए इजाज़त.

    कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर लगी कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. ट्रंप बोले- अगले हफ़्ते ईरान पर ज़ोरदार हमला करने वाला है अमेरिका

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अगर ज़रूरत पड़ी तो अमेरिका स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ से तेल टैंकरों को सुरक्षा देगा (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फ़ॉक्स न्यूज़ को दिए एक इंटरव्यू में कहा है कि अमेरिका अगले हफ़्ते "ईरान पर बहुत ज़ोरदार हमला करने वाला" है.

    ट्रंप ने कहा, "हमने उन्हें पहले ही इतना ज़्यादा नुकसान पहुंचा दिया है कि उन्हें दोबारा खड़ा होने में सालों लग जाएंगे."

    जब उनसे पूछा गया कि उन्हें कैसे पता चलेगा कि युद्ध खत्म हो गया है, तो ट्रंप ने जवाब दिया, "जब मुझे ऐसा महसूस होगा."

    ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा ख़ामेनेई के बारे में ट्रंप ने कहा, "मुझे लगता है कि उन्हें चोट लगी है, लेकिन वह शायद किसी न किसी रूप में ज़िंदा हैं."

    वहीं स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ पर ट्रंप ने कहा कि अगर ज़रूरत पड़ी तो अमेरिका स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ से तेल टैंकरों को सुरक्षा देगा. साथ ही, उन्होंने सब कुछ अच्छा होने की उम्मीद जताते हुए कहा, "हम देखेंगे कि क्या होता है."

  3. 14 मार्च से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बुकिंग पर फ़्यूल चार्ज लगाएगी इंडिगो

    इंडिगो

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इंडिगो ने कहा है कि ऐसा ईंधन की कीमत में भारी बढ़ोतरी के कारण किया जा रहा है. (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारत की एयरलाइन कंपनी इंडिगो 14 मार्च से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय रूट पर फ़्यूल चार्ज लगाने जा रही है.

    इंडिगो ने एक बयान जारी कर कहा है कि ऐसा मध्य-पूर्व के कुछ हिस्सों में बदलती भू-राजनीतिक स्थिति के बीच, ईंधन की कीमत में भारी बढ़ोतरी के कारण किया जा रहा है.

    इंडिगो ने भारत और भारतीय उपमहाद्वीप के लिए बुकिंग पर 425 रुपये और मध्य पूर्व के लिए 900 रुपये फ़्यूल चार्ज लगाए जाने की जानकारी दी है.

    वहीं दक्षिण पूर्व एशिया, चीन और अफ़्रीका के लिए 1800 रुपये और यूरोप की बुकिंग के लिए 2300 रुपये का फ़्यूल चार्ज लगाया जाएगा.

  4. रूसी तेल की ख़रीद को लेकर अमेरिकी ढील पर क्या बोले ज़ेलेंस्की

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की

    इमेज स्रोत, Ludovic MARIN / POOL / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने रूसी तेल पर लगे प्रतिबंधों में ढील दिए जाने पर प्रतिक्रिया दी है

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि रूसी तेल पर लगे प्रतिबंधों में ढील देने का अमेरिका का फ़ैसला "शांति में मददगार नहीं" है.

    अपने फ़्रांस दौरे पर ज़ेलेंस्की ने फ़्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इस दौरान उन्होंने कहा कि इससे रूस को यूक्रेन पर अपने पूर्ण पैमाने के आक्रमण के लिए लगभग 10 अरब डॉलर मिल सकते हैं.

    मैक्रों ने कहा कि अगर रूस यह मानता है कि ईरान के साथ अमेरिका-इसराइल युद्ध के कारण "उसे राहत मिलेगी," तो वह "ग़लत" है.

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने फ़्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने फ़्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की

    उन्होंने यह भी कहा कि जी7 ने बुधवार को एक बैठक के दौरान इस बात को दोहराया कि तेल की बढ़ती कीमतें "किसी भी तरह से हमें रूस के प्रति अपनी प्रतिबंध नीति पर फिर से विचार करने के लिए प्रेरित नहीं करनी चाहिए."

    अमेरिका ने उन सभी देशों को उस रूसी तेल और पेट्रोलियम को ख़रीदने की अस्थायी छूट दी है, जो इस समय समुद्र में जहाजों पर लदा है.

    अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा कि यह कदम युद्ध के दौरान अंतरराष्ट्रीय तेल बाज़ार में सप्लाई बनाए रखने के लिए एक अस्थायी उपाय है. यह छूट 11 अप्रैल तक लागू रहेगी.

    बेसेंट ने कहा, "यह बहुत सीमित और थोड़े समय के लिए उठाया गया कदम है. यह केवल उस तेल पर लागू होगा जो पहले से ही जहाजों में लदा हुआ और रास्ते में है. इससे रूसी सरकार को कोई बड़ा वित्तीय लाभ नहीं मिलेगा."

  5. इराक़ में दुर्घटनाग्रस्त हुए अमेरिकी सैन्य विमान के सभी क्रू मेंबर्स की मौत

    अमेरिका का केसी-135 रीफ़्यूलिंग विमान इराक़ में दुर्घटनाग्रस्त

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी सेंट्रल कमान का कहना है कि यह घटना दुश्मन की गोलीबारी या अपनी सेना की गोलीबारी के कारण नहीं हुई (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी सेंट्रल कमान ने पश्चिमी इराक़ में दुर्घटनाग्रस्त हुए अमेरिका के केसी-135 रीफ़्यूलिंग विमान में सवार सभी छह क्रू मेंबर्स की मौत की पुष्टि की है.

    अमेरिकी सेंट्रल कमान ने एक्स पर इसकी पुष्टि करते हुए लिखा, "यह विमान 12 मार्च को 'ऑपरेशन एपिक फ़्यूरी' के दौरान मित्र देशों के हवाई क्षेत्र में उड़ान भरते समय लापता हो गया था."

    इससे पहले अमेरिकी सेंट्रल कमान ने छह में से चार क्रू मेंबर्स की मौत की पुष्टि की थी.

    कमान ने लिखा, "इस घटना की जांच की जा रही है. हालांकि, विमान को हुआ नुक़सान न तो दुश्मन की गोलीबारी के कारण हुआ और न ही अपनी ही सेना की गोलीबारी के कारण."

    वहीं रॉयटर्स के मुताबिक़, इराक़ में इस्लामिक रेज़िस्टेंस नाम के संगठन ने इस घटना की ज़िम्मेदारी ली है.

    आईआरएनए न्यूज़ एजेंसी ने भी ईरान समर्थित इस समूह के बयान को जारी किया है.

  6. बांग्लादेश के ख़िलाफ़ दूसरे वनडे मैच में सलमान आगा के रनआउट की क्यों हो रही है चर्चा?

    13 मार्च, 2026 को मीरपुर के शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच खेले गए दूसरे ओडीआई मैच के दौरान, रनआउट होने के बाद पाकिस्तान के सलमान आगा (दाएं) बांग्लादेश के कप्तान मेहदी हसन मिराज़ से बात करते हुए

    इमेज स्रोत, Munir UZ ZAMAN / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, रनआउट होने के बाद पाकिस्तान के सलमान आगा (दाएं) बांग्लादेश के कप्तान मेहदी हसन मिराज़ से बात करते हुए

    बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच शुक्रवार को खेले जा रहे दूसरे वनडे इंटरनेशनल मैच में पाकिस्तानी टीम ने बांग्लादेशी टीम को 275 रन का टारगेट दिया है.

    बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी चुनी थी. पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी पाकिस्तान की टीम 47.3 ओवर में 274 रन पर ऑलआउट हो गई.

    पाकिस्तान की ओर से माज़ सदाकत ने 46 गेंद पर 75 रन और सलमान आगा ने 62 गेंद पर 64 रन बनाए. सलमान आगा को बांग्लादेश के कप्तान मेहदी हसन मिराज़ ने रनआउट किया, जिस पर दोनों खिलाड़ियों के बीच बहस होते भी देखा गया.

    हुआ ये था कि पाकिस्तानी टीम के मोहम्मद रिज़वान ने जब मेहदी हसन मिराज़ की गेंद को डिफ़ेंड किया, तो गेंद दूसरे छोर पर खड़े सलमान आगा की ओर गई. गेंद आगा के पैर के पास थी और वह क्रीज़ से बाहर थे.

    मिराज़ गेंद की ओर दौड़े और इस दौरान वह सलमान से थोड़ा टकरा गए. सलमान आगा अपने पैर के पास पड़ी गेंद झुक कर उठाने ही वाले थे कि मिराज़ ने उनसे पहले ही गेंद उठाकर स्टंप्स पर मार दिया.

    इस तरह रनआउट होने से सलमान आगा नाख़ुश दिखे.

  7. होर्मुज़ में भारतीय जहाजों को सेफ़ पैसेज देने पर क्या बोले भारत में ईरान के राजदूत

    भारत में ईरानी राजदूत मोहम्मद फ़ताली

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, भारत में ईरानी राजदूत मोहम्मद फ़ताली (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारत में ईरानी राजदूत मोहम्मद फ़ताली ने कहा है कि ईरान स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ से भारत को सेफ़ पैसेज देगा.

    इस मुद्दे पर ईरान के राजदूत से पत्रकारों ने सवाल किया था कि क्या स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ से भारत को सेफ़ पैसेज मिलेगा. जवाब में मोहम्मद फ़ताली ने कहा, "...जी हां, क्योंकि भारत हमारा मित्र है."

    उन्होंने कहा, "हमारा मानना ​​है कि ईरान और भारत मित्र हैं और हमारे हित समान हैं. भारत में ईरान का राजदूत होने के तौर पर मैं आपसे कहता हूं कि भारत की सरकार इस स्थिति में जंग के बाद अलग-अलग क्षेत्रों में ईरान की मदद करेगी."

    ईरान पर अमेरिका और इसराइल के हमले और उसके बाद से जारी जंग के बीच स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ पर ईरान की नाकाबंदी से तेल की सप्लाई को लेकर दुनिया भर के देशों की चिंता बढ़ गई है.

    शुक्रवार को एक ब्रीफ़िंग के दौरान भारत के पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ पर नाकेबंदी को लेकर चिंता जताई थी.

    मंत्रालय की संयुक्त सचिव (मार्केटिंग और तेल रिफ़ाइनरी) सुजाता शर्मा ने कहा था, "...यह हमारे लिए चिंता का एक विषय है. ख़ासकर जब हमारा जितना भी तेल आयात हो रहा है, उसका एक बड़ा हिस्सा स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ से आता है. वहां पर बंदी की वजह से ये थोड़ी चिंता का विषय है. इसके बावजूद किसी भी 25 हज़ार वितरकों में से कहीं भी स्टॉक खत्म होने की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है."

  8. दिनभर: भारत-ईरान रिश्तों पर जंग का असर कितना गहरा?

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

    - ईरान का सुप्रीम लीडर बनने के बाद पहली बार आया मोजतबा ख़ामेनेई का बयान, कहा - अपने लोगों का इंतक़ाम लेंगे, होर्मुज की नाकाबंदी जारी रखेंगे.

    - अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा- ईरान को तेल आपूर्ति नहीं रोकने देंगे.

    - भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान से की बात, करेंगे विश्लेषण कि क्या भारत ने स्थिति को समझने और ईरान से बात करने में देर कर दी.

    - बीबीसी और कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से भारत के 14 राज्यों में कराई गई एक स्टडी के मुताबिक़ बीते पांच सालों में क्रिकेट में महिलाओं की भागीदारी दोगुनी बढ़ी.

    दिनभर: पूरा दिन पूरी ख़बर, सुनिए मानसी दाश और सुमिरन प्रीत से.

  9. अमेरिकी रक्षा मंत्री ने कहा ज़ख़्मी हैं ईरान के सुप्रीम लीडर, और क्या कहा?

    अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ

    इमेज स्रोत, Pentagon

    इमेज कैप्शन, अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ की प्रेस ब्रीफ़िंग

    अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ का कहना है कि ईरान के नए सुप्रीम लीडर, मोजतबा ख़ामेनेई, "ज़ख्मी" हैं.

    उन्होंने कहा कि मोजतबा ख़ामेनेई शायद 'डिस्फिगर्ड' हो गए हैं. डिस्फ़िगर्ड शब्द आमतौर पर चोट, घाव, या शरीर के किसी हिस्से को नुकसान पहुँचाने के संदर्भ में इस्तेमाल होता है. हिंदी में इसे रूप बिगाड़ना या विरूपित करना कह सकते हैं.

    लेकिन बीबीसी के इंटरनेशनल एडिटर के मुताबिक़ इस बात का कोई सबूत नहीं है.

    पीट हेगसेथ ने एक प्रेस ब्रीफ़िंग के दौरान मोजतबा ख़ामेनेई के उस बयान का ज़िक्र किया, जिसे ईरान के सरकारी टीवी पर पढ़कर सुनाया गया था.

    हेगसेथ ने सवाल उठाया कि मोजतबा का कोई फ़ुटेज या ऑडियो क्यों नहीं था.

    उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि आप जानते हैं कि ऐसा क्यों है."

    हेगसेथ ने कहा कि मोजतबा "डरे हुए" और "घायल" हैं. उन्होंने दावा किया कि मोजतबा "फ़रार हैं".

    ईरान के नए नेता के रूप में मोजतबा ख़ामेनेई का पहला संदेश ईरानी टेलीविज़न पर प्रसारित किया गया था. एंकर ने ख़ामेनेई का संदेश टीवी चैनल पर पढ़कर सुनाया.

    ख़ामेनेई ने संदेश में 'स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ की नाकाबंदी जारी रखने' और 'मिनाब स्कूल के बच्चों सहित शहीद हुए लोगों के खून का बदला लेने' पर ज़ोर दिया.

    अमेरिका और इसराइल के ईरान के साथ चल रहे युद्ध का जिक्र करते हुए ख़ामेनेई ने लगातार हमले जारी रखने का आह्वान किया.

    उन्होंने कहा, "अन्य मोर्चों को खोलने के संबंध में विचार किया जा रहा है, जहां दुश्मन को कम अनुभव है."

  10. कार्टून: घबराना नहीं है

    रसोई गैस संकट पर आज का कार्टून.

    रसोई गैस संकट पर आज का कार्टून.

  11. जर्मनी के चांसलर फ़्रेडरिक मर्ज़ बोले- रूसी तेल पर अमेरिकी प्रतिबंधों में ढील देना 'गलत', बेथनी बेल, जर्मनी रिपोर्टर

    जर्मनी के चांसलर फ़्रेडरिक मर्ज़

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, जर्मनी के चांसलर फ़्रेडरिक मर्ज़

    जर्मनी के चांसलर फ़्रेडरिक मर्ज़ ने कहा है कि रूसी तेल के इस्तेमाल पर लगे प्रतिबंधों में ढील देना "गलत" है.

    नॉर्वे की यात्रा के दौरान मर्ज़ ने कहा, "हमारा मानना ​​है कि अभी प्रतिबंधों में ढील देना गलत है. अभी कीमतों को लेकर समस्या है, लेकिन सप्लाई को लेकर कोई समस्या नहीं है. इस लिहाज़ से, मैं यह जानना चाहूंगा कि किन अन्य कारणों से अमेरिकी सरकार ने यह फ़ैसला लिया."

    उन्होंने कहा कि ईरान संघर्ष के कारण जर्मनी यूक्रेन को दिए जा रहे अपने समर्थन से "पीछे नहीं हटेगा और न ही उसका ध्यान भटकेगा."

    अमेरिका ने उन सभी देशों को उस रूसी तेल और पेट्रोलियम को ख़रीदने की अस्थायी छूट दी है, जो इस समय समुद्र में जहाजों पर लदा है.

    अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा कि यह कदम युद्ध के दौरान अंतरराष्ट्रीय तेल बाज़ार में सप्लाई बनाए रखने के लिए एक अस्थायी उपाय है. यह छूट 11 अप्रैल तक लागू रहेगी.

  12. 'लूज़ कंटेनर में ना ख़रीदें पेट्रोल-डीज़ल' मध्य पूर्व की जंग के बीच सरकार ने कहा तेल की कमी नहीं

    पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने कहा है कि सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीज़ल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है

    इमेज स्रोत, David Talukdar/NurPhoto via Getty Images

    पश्चिम एशिया में हाल के घटनाक्रमों पर इंटर-मिनिस्ट्रियल ब्रीफ़िंग के दौरान पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने कहा है कि सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीज़ल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है.

    पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव (मार्केटिंग और तेल रिफ़ाइनरी) सुजाता शर्मा ने ब्रीफ़िंग के दौरान तमिलनाडु की एक घटना का ज़िक्र किया.

    उन्होंने बताया, "तमिलनाडु में एक रिटेल आउटलेट पर लूज़ कंटेनर में पेट्रोल लिया जा रहा था. मेरी नागरिकों से ये गुज़ारिश है कि इस तरह का काम ना करें, ये सेफ़ नहीं है. उस पेट्रोल पंप पर एक्शन लिया गया है और उसको सस्पेंड कर दिया गया है."

    "एलपीजी के संबंध में मैं यह कहना चाहूंगी कि यह हमारे लिए चिंता का एक विषय है. ख़ासकर जब हमारा जितना भी तेल आयात हो रहा है, उसका एक बड़ा हिस्सा स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ से आता है. वहां पर बंदी की वजह से ये थोड़ी चिंता का विषय है."

    संयुक्त सचिव ने कहा कि इसके बावजूद किसी भी 25 हज़ार वितरकों में से कहीं भी स्टॉक खत्म होने की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है.

    उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे अफ़वाहों पर विश्वास न करें और घबराकर खरीदारी न करें.

  13. बदायूं: एचपीसीएल प्लांट के दो अधिकारियों की हत्या के मामले का अभियुक्त गिरफ़्तार, सैयद मोज़िज इमाम, बीबीसी संवाददाता

    उझानी के पुलिस सर्किल ऑफ़िसर देवेन्द्र कुमार

    इमेज स्रोत, X/@budaunpolice

    इमेज कैप्शन, उझानी के पुलिस सर्किल ऑफ़िसर देवेन्द्र कुमार ने घटना की जानकारी दी

    उत्तर प्रदेश के बदायूं में एचपीसीएल प्लांट के दो अधिकारियों की गोली मारकर हत्या करने के मामले में नामित अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया है.

    इसकी जानकारी बदायूं पुलिस ने एक्स पर पोस्ट कर दी है.

    अधिकारियों की हत्या गुरुवार को हुई थी. बदायूं के थाना मूसाझाग क्षेत्र के ग्राम सैंजनी स्थित एचपीसीएल प्लांट में 12 मार्च को अजय प्रताप सिंह (34) ने प्लांट के दो अधिकारियों सुधीर गुप्ता (58) और हर्षित मिश्रा (34) को गोली मार दी थी.

    दोनों को गंभीर हालत में सीएचसी दातागंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

    घटना के संबंध में प्लांट कर्मी ज़ीशान अंसारी की तहरीर पर थाना मूसाझाग में अभियुक्त के ख़िलाफ़ हत्या का मुक़दमा दर्ज किया गया था.

    उझानी के पुलिस सर्किल ऑफ़िसर देवेन्द्र कुमार के मुताबिक़ पूछताछ में अभियुक्त ने बताया, ''वह एचपीसीएल प्लांट में वेंडर का काम करता था. नौकरी से निकाले जाने और मुक़दमा दर्ज कराए जाने की रंजिश में उसने दोनों अधिकारियों की हत्या की है.''

    शुक्रवार को पुलिस अभियुक्त को लेकर घटना में इस्तेमाल तमंचा बरामद करने ग्राम मुडसैना के जंगल में पहुंची थी. सर्किल ऑफ़िसर देवेन्द्र कुमार के मुताबिक़ इस दौरान अभियुक्त ने तमंचे से पुलिस पर फ़ायर कर दिया.

    इसमें एक पुलिस कॉन्स्टेबल घायल हो गया, पुलिस ने भी जवाबी फ़ायरिंग की और अभियुक्त के दोनों पैरों में गोली लग गई.

    मुठभेड़ में घायल अभियुक्त और कॉन्स्टेबल का इलाज ज़िला अस्पताल बदायूं में चल रहा है.

  14. इराक़ में अमेरिकी सैन्य विमान हादसे में चार लोगों की मौत

    अमेरिकी सेना का एक केसी-135 रीफ़्यूलिंग विमान पश्चिमी इराक़ में हादसे का शिकार हो गया था

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी सेंट्रल कमान का कहना है कि यह घटना दुश्मन की गोलीबारी या अपनी सेना की गोलीबारी के कारण नहीं हुई (फ़ाइल फ़ोटो)

    इराक़ में अमेरिकी सेना का जो विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ, उसमें चार लोगों की मौत हुई है. इसकी पुष्टि अमेरिकी सेंट्रल कमान ने की है.

    अमेरिकी सेना का एक केसी-135 रीफ़्यूलिंग विमान पश्चिमी इराक़ में हादसे का शिकार हो गया था.

    अमेरिकी सेंट्रल कमान ने एक्स पर पोस्ट किया, "12 मार्च की दोपहर लगभग 2 बजे, पश्चिमी इराक़ में एक अमेरिकी केसी-135 रीफ़्यूलिंग विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. बचाव कार्य जारी रहने के बीच, विमान में सवार छह क्रू मेंबर्स में से चार की मौत की पुष्टि हो गई है."

    अमेरिकी सेंट्रल कमान के मुताबिक़ इस घटना के कारणों की जांच की जा रही है. कमान का ये भी कहना है कि ये विमान दुश्मन की गोलीबारी या अपनी ही सेना की गोलीबारी के कारण दुर्घटनाग्रस्त नहीं हुआ.

  15. अराग़ची और जयशंकर ने फ़ोन पर की बात, किन मुद्दों पर हुई चर्चा?

    भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर और ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराग़ची

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर और ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराग़ची (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने गुरुवार रात ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराग़ची से बात की.

    एस जयशंकर ने 13 मार्च, शुक्रवार को एक्स पर पोस्ट किया, "कल रात ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराग़ची के साथ एक और बातचीत हुई. द्विपक्षीय मामलों के साथ-साथ ब्रिक्स से संबंधित मुद्दों पर भी चर्चा हुई."

    ईरान के विदेश मंत्रालय ने भी एक्स पर पोस्ट कर जयशंकर और अराग़ची की बातचीत होने की जानकारी दी गई है. इसमें बताया गया है कि दोनों विदेश मंत्रियों ने अमेरिका-इसराइल की आक्रामकता से क्षेत्र पर पड़े बुरे असर को लेकर फ़ोन पर चर्चा की.

    ईरान के विदेश मंत्रालय ने लिखा, "अराग़ची ने भारतीय मंत्री को अमेरिका और इसराइल की ओर से ईरान के ख़िलाफ़ की गई आक्रामकता और अत्याचारों से पैदा हुई ताज़ा स्थिति के बारे में जानकारी दी. साथ ही, क्षेत्रीय और वैश्विक स्थिरता और सुरक्षा पर इसके नतीजों के बारे में भी बताया."

    ईरानी विदेश मंत्रालय के पोस्ट के मुताबिक़ अराग़ची ने इस बातचीत में क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय निकायों और संगठनों के लिए ईरान के ख़िलाफ़ सैन्य आक्रामकता की निंदा करना ज़रूरी बताया.

    ईरानी विदेश मंत्रालय के मुताबिक़ अराग़ची ने ब्रिक्स के महत्व पर ज़ोर देते हुए मौजूदा समय में क्षेत्रीय और वैश्विक स्थिरता और सुरक्षा का समर्थन करने में इसकी (ब्रिक्स) रचनात्मक भूमिका को ज़रूरी माना.

    ईरान के विदेश मंत्रालय ने लिखा, "इस बातचीत के दौरान, भारत के विदेश मंत्री ने क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय फ़ोरम में द्विपक्षीय और बहुपक्षीय सहयोग का विस्तार करने के लिए अपने देश की तत्परता व्यक्त की. उन्होंने इस क्षेत्र में स्थायी स्थिरता और सुरक्षा को मज़बूत करने का रास्ता खोजने के महत्व पर भी ज़ोर दिया."

  16. पीरियड्स के दौरान छुट्टी की मांग करने वाली याचिका पर सुनवाई करने से सुप्रीम कोर्ट का इनकार

    सुप्रीम कोर्ट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि इस तरह के प्रावधान अनजाने में जेंडर के प्रति रूढ़ियों को और बढ़ावा देंगे.

    सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को उस याचिका पर सुनवाई करने से इनकार दिया है, जिसमें पीरियड्स के दौरान छात्राओं और महिला कर्मचारियों के लिए छुट्टी देने की नीति बनाने की मांग की गई थी.

    कोर्ट ने कहा है कि ऐसे हालात में उन्हें कोई भी काम नहीं देगा और इस तरह के प्रावधान अनजाने में जेंडर के प्रति रूढ़ियों को और बढ़ावा देंगे.

    हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि संबंधित अधिकारी इस मांग पर विचार कर सकते हैं और सभी संबंधित पक्षों से सलाह करने के बाद पीरियड्स के दौरान छुट्टी पर कोई नीति बनाने की संभावना पर गौर कर सकते हैं.

    चीफ़ जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की बेंच ने कहा, “ये दलीलें डर पैदा करने, महिलाओं को कमतर बताने और यह कहने के लिए दी गई हैं कि पीरियड्स उनके साथ होने वाली कोई बुरी चीज़ है. यह एक सकारात्मक अधिकार है लेकिन उस एम्प्लॉयर के बारे में सोचिए जिन्हें वेतन के साथ छुट्टी देनी पड़ेगी."

  17. अब मुझे यानी बीबीसी संवाददाता सौरभ यादव को इजाज़त दीजिए. अब से रात दस बजे तक बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगी.

    बीबीसी हिन्दी के पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए हुए लिंक्स पर क्लिक करें.

  18. तालिबान का दावा, पाकिस्तान ने काबुल सहित कई इलाकों में किए हवाई हमले

    अफ़ग़ानिस्तान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, काबुल (फ़ाइल फोटो)

    अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान सरकार ने दावा किया है कि पाकिस्तानी सेना ने शुक्रवार सुबह राजधानी काबुल सहित कई जगहों पर हवाई हमले किए हैं.

    तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा है, “पाकिस्तानी सेना ने कंधार हवाई अड्डे के पास स्थित निजी एयरलाइन 'काम एयर' के फ्यूल स्टोरेज को निशाना बनाया है.”

    उन्होंने कहा, “यह कंपनी घरेलू एयरलाइनों के साथ-साथ संयुक्त राष्ट्र के विमानों के लिए भी ईंधन उपलब्ध कराती है."

    पोस्ट में आगे लिखा है कि इससे पहले हाजी खान ज़ादा नामक एक व्यापारी के भी फ्यूल स्टोरेज को निशाना बनाया गया था.

    तालिबान के प्रवक्ता ने कहा, “पिछली आक्रामकता और अपराधों को जारी रखते हुए पाकिस्तानी सेना ने एक बार फिर काबुल, कंधार, पक्तिया, पक्तिका सहित अन्य इलाकों पर बमबारी की है. कुछ जगहों पर उन्होंने आम लोगों के घरों को निशाना बनाया है जिसमें महिलाएं और बच्चे मारे गए हैं. कुछ जगहों पर उन्होंने खाली रेगिस्तानों और गैर रिहायशी इलाकों को भी निशाना बनाया है.”

  19. अमेरिका और इसराइल के हमलों पर पीएम मोदी की 'चुप्पी' पर कांग्रेस ने उठाए सवाल

    जयराम रमेश

    इमेज स्रोत, ANI

    ईरान पर अमेरिका और इसराइल की ओर से किए जा रहे हमलों पर प्रधानमंत्री मोदी की 'चुप्पी' को लेकर कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सवाल उठाए हैं.

    जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, “ईरान के संवैधानिक राष्ट्राध्यक्ष, आयतुल्लाह खामेनेई की 28 फरवरी 2026 को अमेरिका और इसराइल की ओर से हत्या कर दी गई. प्रधानमंत्री मौन हैं, विदेश मंत्री मौन हैं. संसद में अभी तक उनके लिए कोई शोक-संदेश भी नहीं पढ़ा गया है."

    उन्होंने लिखा, “भारत ने खाड़ी देशों पर ईरान के हमलों की निंदा की है, जो सही भी है. लेकिन वह ईरान पर अमेरिका और इसराइल के हमले को लेकर पूरी तरह से चुप है. यह याद रखना चाहिए कि ईरान ब्रिक्स प्लस का हिस्सा है, जिसकी अध्यक्षता इस साल भारत कर रहा है.”

    जयराम रमेश ने आगे लिखा, "मई 2024 को ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी की हेलीकॉप्टर क्रैश में संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत हो गई थी, मोदी सरकार ने 21 मई को एक दिन के शोक की घोषणा की थी और संसद में एक जुलाई 2024 को शोक संदेश भी पढ़ा गया था.

    उन्होंने लिखा, “अब यह हिचकिचाहट क्यों, समझौता कर चुके प्रधानमंत्री निस्संदेह अपने अमेरिका और इसराइली ‘मित्र’ को नाराज नहीं करना चाहते.”

  20. ट्रंप ने कहा, 'ईरान के नेताओं को धरती के नक्शे से मिटा दिया है'

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि हम ईरान के आतंकी शासन को पूरी तरह से तबाह कर रहे हैं.

    ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ट्रूथ सोशल पर लिखा, "हम ईरान को सैन्य, आर्थिक और अन्य सभी तरीक़ों से तबाह कर रहे हैं."

    उन्होंने कहा, "ईरान की नौसेना खत्म हो चुकी है, उनकी वायुसेना का अब कोई अस्तित्व नहीं है, मिसाइलें, ड्रोन और बाकी सब कुछ तबाह किया जा रहा है और उनके नेताओं को धरती के नक्शे से मिटा दिया गया है."

    ट्रंप ने कहा, "हमारे पास बेजोड़ फायर पावर है, असीमित गोला-बारूद है और हमारे पास काफी समय है."

    उन्होंने कहा, "वे पिछले 47 सालों से पूरी दुनिया में बेकसूर लोगों को मारते आ रहे हैं और अब यूएसए के 47वें राष्ट्रपति के तौर पर मैं उन्हें खत्म कर रहा हूं. ऐसा करना मेरे लिए कितने बड़े सम्मान की बात है."

Trending Now