पीट पीट कर मार डाला

- Author, मणिकांत ठाकुर
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता, पटना
बिहार के कैमूर ज़िले में गुस्साई भीड़ ने चार लोगों को चोर समझ कर पीट पीट कर मार डाला है.
यह घटना उदरा थाना इलाके़ के सकरी गांव में हुई है जहां खानाबदोशों के एक गुट पर गुस्साई भीड़ ने हमला किया और चार लोगों को बेरहमी से पीट पीट कर मार डाला.
कैमूर के एसपी प्रदीप श्रीवास्तव ने बीबीसी को फ़ोन पर बताया कि गांव के लोगों ने खानाबदोशों को चोर समझा और उन पर हमला किया जिसमें चार लोग फंस गए और गुस्साई भीड़ ने उन्हें पीट पीट कर मार डाला.
असल में ये खानाबदोश नट जाति के हैं जो किसी भी गांव के बाहर डेरा डालते हैं और दिन में नाच गाना खेल तमाशा दिखा कर अपना पेट भरते हैं.
हालांकि इन पर अकसर चोरी के आरोप लगते रहे हैं.
गांव वालों का कहना है कि पिछले कुछ समय में गांव में चोरियों की घटना बहुत अधिक बढ़ी है और इस बारे में प्रशासन को जानकारी दिए जाने के बाद भी कुछ नहीं किया गया है.
गांव के एक पक्ष का यह भी आरोप है कि एक व्यक्ति बैंक से पैसा निकाल कर जा रहा था तब मारे गए चार लोगों ने उससे पैसे छीने.
जब हल्ला हुआ तो भीड़ जुटी और भीड़ ने इन चारों को पकड़ा और पीट पीट कर मार डाला.
हालांकि गांव के कुछ लोगों का ये भी कहना है कि निश्चित रुप से इन खानाबदोशों को चोर नहीं कहा जा सकता और ये चारों मृतक बस गुस्साई भीड़ के हत्थे चढ़ गए हैं.
पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई है और मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं.
































