सीआरपीएफ़ के दो जवानों की हत्या

जम्मू कश्मीर पुलिस बल
इमेज कैप्शन, कश्मीर में सीआरपीएफ़ के दो जवानों की हत्या
    • Author, अल्ताफ़ हुसैन
    • पदनाम, बीबीसी संवाददाता, श्रीनगर

भारत प्रशासित कश्मीर के अधिकारियों का कहना है कि श्रीनगर में केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (सीआरपीएफ़) के दो जवान संदिग्ध चरमपंथियों के हाथों मारे गए हैं.

अधिकारियों के अनुसार चरमपंथियों ने ऐतिहासिक लाल चौक के पास एक व्यस्त बाज़ार में नज़दीक से उन्हे गोली मारी.

जवानों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया लेकिन उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.

जिस समय सीआरपीएफ़ जवानों पर हमला हुआ लगभग उसी समय श्रीनगर के बाटमालू इलाक़े में अज्ञात चरमपंथियों ने एक हथगोला फेंका जिससे बहुत से आम लोग घायल हो गए.

अगस्त की पहली तारीख़ को चरमपंथियों ने इसी तरह श्रीनगर में दो हमले किए थे जिसमें राज्य पुलिस का एक सिपाही की मौत हो गई थी और केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल के दो सदस्य ज़ख़्मी हो गए थे.

एक सप्ताह पहले चरमपंथियों ने नौपुरा ख़ानयार स्थित सीआरपीएफ़ के एक शिविर पर हमला किया था.

इन घटनाओं से लगता है कि चरमपंथी श्रीनगर में फिर से संगठित हो रहे हैं. हालांकि पिछले कुछ सालों में जम्मू कश्मीर में हिंसक घटनाओं में काफ़ी गिरावट आई है.