दसवीं की बोर्ड परीक्षा ख़त्म होगी

दसवीं की बोर्ड परीक्षा ख़त्म करने और ग्रेडिंग सिस्टम लागू करने की कोशिश को केंद्र सरकार ने अमली जामा पहना दिया है.

कपिल सिब्बल
इमेज कैप्शन, कपिल सिब्बल के मुताबिक़ ग्रेडिंग सिस्मट इसी सत्र से लागू

केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री कपिल सिब्बल ने यह घोषणा की है.

उनके मुताबिक़ परीक्षाओं में ग्रेडिंग सिस्टम इसी सत्र से लागू होगा जबकि 10वीं की बोर्ड परीक्षा को अगले शैक्षणिक सत्र (2010-2011) से ख़त्म कर दिया जाएगा.

हालाँकि परीक्षा देने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) इसकी व्यवस्था करेगा.

अगले साल मार्च में 10वीं की बोर्ड परीक्षा में शामिल हो रहे आठ लाख से ज़्यादा छात्रों को परीक्षा तो देनी होगी, लेकिन नतीजे अंकों में नहीं बल्कि ग्रेडिंग सिस्टम के आधार पर मिलेंगे.

वर्ष 2011 से ग्रेडिंग सिस्टम तो जारी रहेगा लेकिन 10वीं की बोर्ड परीक्षा ख़त्म कर दी जाएगी. लेकिन छात्रों की मांग पर उन्हें परीक्षा में बैठने का मौक़ा दिया जाएगा.

विकल्प

नई दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में मानव संसाधन विकास मंत्री कपिल सिब्बल ने कहा कि 2010-2011 से 10वीं बोर्ड की सीबीएसई परीक्षा ख़त्म की जा रही है जबकि ग्रेडिंग सिस्टम इसी सत्र यानी 2009-10 से ही लागू किया जा रहा है.

कपिल सिब्बल ने कहा, "वर्ष 2011 से बोर्ड की परीक्षा समाप्त होने के बाद छात्र अगर चाहें तो दूसरे स्कूलों में ट्रांसफ़र या यूनिवर्सिटी से पहले संस्थाओं में प्रवेश के लिए परीक्षा की मांग कर सकते हैं और उनके लिए परीक्षा की व्यवस्था की जाएगी."

उन्होंने कहा कि छात्र अगर चाहें तो उसी स्कूल में रहते हुए भी ये परीक्षा दे सकते हैं. जो छात्र उसी स्कूल में रहते हुए भी बोर्ड की परीक्षा न देना चाहें, तो ये विकल्प भी उनके पास होगा.

ग्रेडिंग सिस्टम के मुद्दे पर कपिल सिब्बल ने कहा कि इससे छात्रों का व्यापक मूल्यांकन होगा, जो उनके लिए बेहतर रहेगा.