चिड़ियाघर में चौदह हिरणों की मौत

उत्तर प्रदेश में वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि कानपुर चिड़ियाघर में 14 हिरण मृत पाए गए हैं.
वरिष्ठ वन अधिकारी बीके त्रिपाठी ने बीबीसी को बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए चिड़ियाघर के आठ कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है.
उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जाँच के आदेश भी दे दिए गए हैं.
बीके पटनायक ने इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बाद ख़ुद चिड़ियाघर जाकर स्थिति का जायज़ा लिया.
उनके मुताबिक कानुपर चिड़ियाघर में अलग-अलग तरह के 240 हिरण रहते हैं.
शुक्रवार को इन सभी को एक जैसा खाना दिया गया. लेकिन शनिवार सुबह इनमें से 14 मृत पाए गए.
मौत के कारणों का पता लगाने के लिए मरे हिरणों का पोस्ट मॉर्टम किया जा रहा है.
पशु चिकित्सकों के मुताबिक ये हिरण किसी संक्रामक बीमारी का शिकार हो गए या फिर खाने में कुछ गड़बड़ी थी.
































