श्रीनगर में भीषण कार बम विस्फोट

- Author, अल्ताफ़ हुसैन
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता, श्रीनगर
भारत प्रशासित जम्मू कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में शनिवार की शाम एक भीषण कार बम धमाका हुआ है. अधिकारियों के मुताबिक कम से कम चार लोगों की मौत हो गई है. मृतकों में एक महिला भी शामिल है.
एक अधिकारी ने बीबीसी को अनाधिकारिक तौर पर यह भी बताया कि हमले में कम से कम तीन पुलिसकर्मियों की मौत हो गई है.
हमले में पुलिस की एक बस को निशाना बनाया गया है. बताया जा रहा है कि 10 से ज़्यादा पुलिसकर्मी इस हमले में घायल हो गए हैं. धमाका शाम को क़रीब साढ़े छह बजे के आसपास हुआ है.
कश्मीर के डीआईजी एचके लोहिया ने बीबीसी को बताया कि हमला सेंट्रल जेल के पास हुआ है और जिस बस को निशाना बनाया गया है वो बस मुलज़िमों को जेल में छोड़कर वापस आ रही थी.
घटनास्थल पर पहुँचकर मैंने देखा कि आसपास के मकान तक इस धमाके में क्षतिग्रस्त हो गए हैं. घायल और मृत पुलिसकर्मियों को वहाँ से हटा लिया गया था पर एक महिला का शव बस के एक पहिए के नीचे फंसा था जिसे निकाला नहीं जा सका था.
धमाका इतना भीषण था कि बस पूरी तरह से नष्ट हो गई है. घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है.
हिंसा पर चिंता
राज्य में हिंसा की कुछ घटनाएं पिछले दिनों में होती रही हैं लेकिन ऐसा कई महीनों के बाद हुआ है कि राज्य में कार बम का इस्तेमाल करके हमला किया गया हो.
ध्यान रहे कि पिछले महीने के दौरान पाँच हिंसक हमलों की ख़बरें राज्य से आई थीं. राज्य में हिंसा की घटनाओं में बढ़ोत्तरी होती दिख रही है.
इस बाबत जब बीबीसी ने डीआईजी एचके लोहिया से पूछा कि शनिवार के हमले से सुरक्षा के मुद्दे पर क्या सवाल और बड़ा नहीं होता नज़र आ रहा है.
जवाब में उन्होंने स्वीकारा, पिछले कुछ दिनों की घटनाओं और फिर इस हमले से यह तो लगने लगा है कि चरमपंथी घाटी में अपनी मौजूदगी का अहसास कराने की कोशिश कर रहे हैं.
































