भाजपा-शिवसेना में समझौता

महाराष्ट्र में 13 अक्तूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी और शिवसेना में सीटों के बंटवारे पर समझौता हो गया है.
भाजपा के महासचिव गोपीनाथ मुंडे के अनुसार शिवसेना राज्य की 169 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी जबकि 119 सीटों पर भाजपा लड़ेगी.
राज्य में विधानसभा की कुल 288 सीटें हैं.
दोनों पार्टियों ने कहा है कि वे एक साझा घोषणापत्र जारी करेंगे.
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार जब पूछा गया कि मुख्यमंत्री कौन होगा, तो मुंडे ने कहा, "हमारा सपना महाराष्ट्र में कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन को सत्ता से हटाकर राज्य में शासन करना है, ऐसे में कौन मुख्यमंत्री बनता है यह महत्वपूर्ण नहीं है."
शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे इस बार चुनाव प्रचार में हिस्सा नहीं लेंगे. जैसा कि गोपीनाथ मुंडे ने बताया वे सिर्फ़ शिवसेना-भाजपा की विजय रैली को संबोधित करेंगे.
समझौते की घोषणा के बाद भाजपा ने महाराष्ट्र में उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है.
उधर कांग्रेस और एनसीपी के बीच भी सीटों के बँटवारे को लेकर चर्चा अंतिम दौर में है. बँटवारे को लेकर शनिवार को दिल्ली में दोनों दलों के नेताओं के बीच एक बैठक भी हुई है.
































