नाव दुर्घटना में 21 शव बरामद

- Author, मणिकांत ठाकुर
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता, पटना
बिहार के खगड़िया ज़िले में अलौली के पास बागमती नदी में एक नाव डूब जाने से कम से कम पचास लोगों के मारे जाने की आशंका है.
बचावकर्मियों ने अभी तक 21 लाशें बरामद की है और दस लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
खगड़िया के जिलाधिकारी अभय कुमार ने बताया, नाव पर लगभग 100 लोग सवार थे. बागमती नदी में ये नाव अचानक तेज़ हवा के झोंके से डगमगाई और उलट गई.
नाव पर क्षमता से ज़्यादा लोग सवार हो गए थे.
ये लोग विजयादशमी के मौके पर मेला देख कर वापस लौट रहे थे.
जिलाधिकारी ने बताया कि लगभग 30 लोग तैर कर बाहर निकलने में कामयाब रहे जबकि लगभग 25 लोग लापता हैं.
उन्होंने कहा कि नाविक का भी अता पता नहीं है जिससे पता लगाया जा सके कि नाव पर वास्तव में कितने लोग सवार थे.
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हरेक मृतक व्यक्ति के निकट संबंधी को डेढ़ लाख रूपए का मुआवजा देने की घोषणा की है.
लोक जनशक्ति पार्टी ने आरोप लगाया है कि जहां दुर्घटना हुई वहां तीन साल पहले ही पुल बनाने की घोषणा की गई थी लेकिन अभी तक नहीं बन पाया.
































