फ़िरोज़ाबाद में डिंपल पीछे, राज बब्बर आगे

लोकसभा की एक और विधानसभा की 31 सीटों के लिए हुए उपचुनाव की मतगणना जारी है.
पहले दौर की गणना के बाद फिरोज़ाबाद लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव की बहू डिंपल यादव कांग्रेस के राज बब्बर से पीछे चल रही हैं.
इन सीटों के लिए सात नवंबर को मतदान हुआ था जिसमें से 11 उत्तर प्रदेश में, 10 पश्चिम बंगाल में, तीन केरल में, दो-दो हिमाचल प्रदेश और राजस्थान में और छत्तीसगढ़ की एक सीट शामिल है.
उत्तर प्रदेश की फ़िरोज़ाबाद सीट सभी मुख्य दलों के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न बनी हुई है.
इस सीट पर पहले मुलायम सिंह के बेटे अखिलेश यादव विजयी हुए थे लेकिन वे कन्नौज से भी जीते थे और उन्होंने फ़िरोज़ाबाद सीट से इस्तीफ़ा दे दिया था.
इस बार मुलायम सिंह यादव ने अखिलेश यादव की पत्नी और अपनी बहू डिंपल यादव को चुनाव मैदान में उतारा है.
कांग्रेस ने डिंपल यादव के ख़िलाफ़ पहले समाजवादी पार्टी के सांसद रहे, अभिनेता राज बब्बर को अपना उम्मीदवार बनाया है. जिस तरह से वहाँ कांग्रेस के नेताओं ने प्रचार किया है, उससे ज़ाहिर है कि कांग्रेस भी इस सीट पर पूरा दम लगा रही है.
बहुजन समाज पार्टी की नेता मायावती ने इस सीट पर एसपी सिंह बघेल को मैदान में उतारा है. उधर भाजपा के भानुप्रताप सिंह चौहान भी मैदान में हैं.
































