उत्तर भारत में अंधेरा

बिजली
इमेज कैप्शन, अगर ट्रांसमिशन लाइनों की साफ़ सफ़ाई न हो तो ठंड के दिनों में बिजली आपूर्ति में बाधा की आशंका बनी रहती है

अधिकारियों के अनुसार शनिवार को तड़के धुंध की वजह से उत्तरी ग्रिड में ख़राबी आ गई और उत्तरी भारत के कई राज्यों में बिजली गुल हो गई.

जो राज्य इससे प्रभावित हुए उनमें पंजाब, हरियाणा, जम्मू कश्मीर का हिस्सा, केंद्र प्रशासित प्रदेश चंडीगढ़ शामिल है.

इससे कई जगह रेल यातायात पर भी असर पड़ा है और बहुत सी ट्रेनें अपने समय से विलंब से चल रही हैं.

इससे दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में कोई परेशानी नहीं हुई क्योंकि यहाँ ट्रांसमिशन लाइनों की सफ़ाई आदि का काम पहले ही किया जा चुका था.

उत्तरी पॉवर ग्रिड के मुख्य प्रबंध निदेशक एसके चतुर्वेदी ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि तड़के कोई तीन बजे उत्तरी ग्रिड में ख़राबी आई.

इसकी वजह से कई सब स्टेशनों पर बिजली थी ही नहीं.

बिजली बंद होने की वजह से पंजाब और हरियाणा में कई ट्रेनें अचानक बीच रास्ते में ही रुक गईं और बहुत सी ट्रेनें इसकी वजह से लेट हो गईं.

जिन ट्रेनों का समय बिजली की ख़राबी की वजह से प्रभावित हुआ, उनमें कालका-दिल्ली शताब्दी, अमृतसर-दिल्ली शताब्दी और कई सुपरफ़ास्ट और मेल-एक्सप्रेस गाड़िया हैं.

अधिकारियों का कहना है कि इसकी वजह से राज्यों में पनबिजली परियोजनाओं पर भी प्रभाव पड़ा है.