घने कोहरे से यातायात बुरी तरह प्रभावित

घने कोहरे के कारण उत्तर भारत में यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है. कई घरेलू और अंतररराष्ट्रीय उड़ाने रद्द करनी पड़ी हैं और कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं.
हिदायत दी जा रही है कि यात्रा से पहले लोग नई दिल्ली हवाई अड्डे की वेबसाइट चेक कर लें या फिर हेल्पलाइन पर फ़ोन करें.
शनिवार को करीब 200 घरेलू उड़ानों में देर हुई और 14 को रद्द करना पड़ा था.
चीन, कतर और कुछ अन्य जगहों से दिल्ली में आने वाली उड़ानों को मुंबई अहमदाबाद और जयपुर भेज दिया गया था.
मौसम विभाग ने कहा है कि 24 घंटों तक कोहरे का असर रहेगा.
कोहरे का असर
शनिवार से ही उत्तर भारत कोहरे की चपेट में है. धुँध इतनी ज़्यादा था कि वाहन चालक केवल 50 मीटर की दूरी तक ही देख पा रहे थे.
कोहरे के कारण शनिवार को दिन में तीन रेल दुर्घटनाएँ हुईं जिसमें कम से कम दस लोगों की मौत हो गई.
उत्तर प्रदेश में शनिवार तड़के इटावा में लिच्छवी एक्सप्रेस का इंजन मगध एक्सप्रेस की आख़िरी बोगी से जा टकराया. दूसरी घटना कानपुर से कुछ दूर पानकी स्टेशन पर हुई जब प्रयागराज एक्सप्रेस को पीछे से गोरखधाम एक्सप्रेस ने टक्कर मार दी.
शनिवार रात को तो घने कोहरे की वजह से उत्तरी ग्रिड फेल हो गया था और भारत के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति पर असर पड़ा.
रात दस बजे के करीब शुरू हुए इस संकट के कारण बिजली आपूर्ति में बाधा आई. इस वजह से लंबी दूरी की कई ट्रनों पर भी असर पड़ा.
































