पाकिस्तानी घुसपैठ की कोशिश नाकाम

- Author, बीनू जोशी
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता, जम्मू
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ़) के अधिकारियों का कहना है कि जम्मू-कश्मीर की सीमा के पास पाकिस्तानी चरमपंथियों के घुसपैठ की एक और कोशिश नाकाम कर दी गई है
बीएसएफ़ के मुताबिक जम्मू-कश्मीर के कानाचक क्षेत्र में गोलीबारी भी हुई है. अभी साफ नहीं है कि पाकिस्तान की ओर से गोलियां सुरक्षा बल चला रहे थे या घुसपैठिए.
अधिकारियों ने बताया कि जम्मू से 35 किलोमीटर दूर कानाचक क्षेत्र में सीमा के नज़दीक उन्होंने कुछ हलचल देखी जिसके बाद सीमा सुरक्षा बलों ने गोलियाँ चलाई.
उन्होंने बताया, "हमें नहीं पता कि गोलियाँ पाकिस्तानी रेंजरों ने चलाई थी कि घुसपैठियों ने जो भारतीय सीमा में प्रवेश की कोशिश कर रहे थे."
कोहरे की वजह से साफ़ नहीं दिख रहा था. हालांकि सुबह में बीएसएफ़ ने पाया कि भारतीय सीमा क्षेत्र में तार के जो बाड़े लगे हुए हैं उन्हें 'दो जगहों पर काटा गया था.'
अधिकारियों का कहना है, "अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास घने कोहरे का फ़ायदा चरमपंथी उठा रहे हैं."
नए वर्ष में घुसपैठ की यह चौथी नाकाम कोशिश है.
दोनों देशों के बीच गोलीबारी और घुसपैठ की कोशिशों के मद्देनज़र भारतीय रक्षा मंत्री एके एंटनी मंगलवार को सीमा सुरक्षा का जायजा लेने जम्मू पहुँचेंगे.
































